Politics

जमशेदपुर पूर्वी से भाजपा प्रत्याशी बनने पर पूर्णिमा दास का भव्य स्वागत, क्षेत्र के विकास के लिए समर्पण का किया वादा

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड :भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा से पूर्णिमा दास को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं। पूर्णिमा दास ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए पूरी श्रद्धा और निष्ठा से कार्य करेंगी।

पूर्णिमा दास का जन्म 8 सितंबर 1994 को रायपुर, छत्तीसगढ़ में हुआ था। जमशेदपुर आने से पहले उन्होंने मीडिया क्षेत्र में अपनी एक खास पहचान बनाई थी। स्वराज एक्सप्रेस (अब न्यूज़ 24) के साथ जुड़कर उन्होंने मीडिया में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने कॉमर्स में स्नातक किया और अपने छात्र जीवन के दौरान कॉलेज के छात्र चुनावों में भी सक्रिय भूमिका निभाई। एनसीसी गर्ल्स बटालियन की सदस्य के रूप में उनकी नेतृत्व क्षमता सराहनीय रही है, जिसके लिए उन्हें ए और बी सर्टिफिकेट्स के साथ कई पुरस्कार भी मिले हैं।

राजनीतिक जीवन की शुरुआत उन्होंने 2012 में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर की थी। वे लंबे समय से भाजपा की विचारधारा और नीतियों के प्रति समर्पित हैं।

जमशेदपुर में उनका पारिवारिक जीवन भी गहराई से जुड़ा है। वे सास रुक्मिणी देवी, पति ललित दास और बेटी आराध्या के साथ एग्रिको, जमशेदपुर में निवास करती हैं। समाज सेवा के क्षेत्र में भी वे काफी सक्रिय हैं और नारी शक्ति समिति के तहत महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रही हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, नशामुक्ति, महिला सुरक्षा और नारी सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर वे विशेष रूप से ध्यान केंद्रित करती हैं।

 

पूर्णिमा ने अपने संबोधन में कहा, “यह दिन मेरे लिए बहुत बड़ा और शुभ है। मैं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया और मुझे जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी के रूप में चयनित किया। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का तहे दिल से धन्यवाद करती हूँ।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं जमशेदपुर पूर्वी की जनता को विश्वास दिलाती हूं कि उनकी उम्मीदों और आकांक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरूंगी। क्षेत्र के विकास के लिए पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ समर्पित होकर कार्य करूंगी।”

 

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को अपना प्रेरणास्रोत मानते हुए, पूर्णिमा दास ने कहा कि उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सभी वर्गों के समावेशी विकास की दिशा में कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

 

कार्यकर्ताओं और जनता ने पूर्णिमा दास के इस संदेश का जोरदार समर्थन किया और उनके नेतृत्व में जमशेदपुर पूर्वी के विकास की उम्मीद जताई।

Related Posts