Uncategorized

निर्दलीय प्रत्याशी विकास सिंह 23 अक्टूबर को करेंगे नामांकन, कहा- “मेरी लड़ाई सिर्फ बन्ना गुप्ता से है, मैं ही हूं असली भाजपाई”

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड।जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी विकास सिंह 23 अक्टूबर को नामांकन करेंगे। इस अवसर पर उनके समर्थक साकची के आम बगान में सुबह 10:00 बजे एकत्रित होंगे। भाजपा के बागी उम्मीदवार विकास कुमार उर्फ विकास सिंह ने साकची वनमाली रेजिडेंसी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की।

 

विकास सिंह ने कहा कि उनकी सीधी लड़ाई कांग्रेस के उम्मीदवार और वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से है। उन्होंने अपने आपको असली भाजपाई बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी अपने निजी स्वार्थ, कुर्सी या सत्ता के लिए पार्टी को गाली नहीं दी और न ही प्रधानमंत्री या गृह मंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। विकास सिंह ने दावा किया कि पिछले 25 वर्षों से वे भारतीय जनता पार्टी के साथ ईमानदारी से जुड़े रहे हैं, चाहे पार्टी ने उन्हें कोई पद दिया हो या नहीं।

भ्रष्टाचार और परिवारवाद के खिलाफ लड़ाई

 

विकास सिंह ने आरोप लगाया कि 2019 में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद बन्ना गुप्ता झारखंड के सबसे बड़े कैबिनेट मंत्री बन गए और उनके कार्यकाल में सैकड़ों अनैतिक काम हुए, जिससे राज्य शर्मसार हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा के किसी भी कद्दावर नेता ने बन्ना गुप्ता के खिलाफ कोई आवाज नहीं उठाई। विकास सिंह ने दावा किया कि उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रखी, भले ही इस दौरान उन्हें लगातार पुलिस की प्रताड़ना सहनी पड़ी।

भावुक हुए विकास सिंह

 

संवाददाता सम्मेलन के दौरान विकास सिंह अपने संघर्ष के बारे में बोलते हुए भावुक हो गए और अपने आंसू रोक नहीं पाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ते हुए अपनी पत्नी और बच्चों से दूर रहने की आदत डालने की बात कही थी। उन्होंने दावा किया कि पांच साल तक उन्हें पुलिस प्रताड़ना झेलनी पड़ी और लगातार भद्दी गालियां भी सुननी पड़ीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

भाजपा की पारंपरिक सीट बचाने का दावा

 

विकास सिंह ने कहा कि जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीट भाजपा की पारंपरिक सीट रही है, लेकिन इसे बर्बाद करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे वे सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने जदयू और कांग्रेस के उम्मीदवारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता अब उनके नाम और दाम से प्रभावित नहीं होगी, बल्कि उनके काम पर भरोसा करेगी।

 

जनकल्याणकारी कार्यों के लिए जनता से समर्थन की अपील

 

विकास सिंह ने जनता से अपील की कि उन्हें एक बार मौका देकर भ्रष्टाचार, परिवारवाद, और राज्य को शर्मसार करने वाली गतिविधियों से जमशेदपुर पश्चिम को मुक्त करने का अवसर दें। उन्होंने कहा कि उन्होंने बिना किसी पद या ओहदे के जनकल्याण के लिए कई ऐसे कार्य किए हैं जो लोगों की कल्पना से परे थे।

 

आंदोलन और मुकदमों का जिक्र

 

विकास सिंह ने बताया कि उन्होंने जनकल्याण और गरीबों के हक की लड़ाई में कई आंदोलन किए, जिसके चलते उन पर सरकारी काम में बाधा डालने के तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हुए हैं। उन्होंने अपने समर्थकों और जमशेदपुर पश्चिम की जनता से उनके ऊपर भरोसा जताने और उन्हें भारी मतों से विजय दिलाने की अपील की।

 

विकास सिंह ने अंत में कहा, “सबको देखा बार-बार, अबकी बार विकास कुमार।” उन्होंने जनता से कुर्सी की लालच, भय, भ्रष्टाचार, परिवारवाद और अश्लीलता फैलाने वाली ताकतों से विधानसभा क्षेत्र को मुक्त कराने का आह्वान किया।

Related Posts