Regional

पुलिस संस्मरण दिवस परेड: वीरगति प्राप्त जवानों को दी गई श्रद्धांजलि

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

रांची: झारखंड सशस्त्र पुलिस-1, रांची परिसर के परेड मैदान में आज “पुलिस संस्मरण दिवस परेड” का आयोजन किया गया। इस आयोजन में झारखंड के महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक सहित पुलिस मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

इस अवसर पर शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए वाहिनी परिसर स्थित शहीद स्मारक पर सम्मान स्वरूप माल्यार्पण किया गया।

इस वर्ष देशभर की पारा मिलिट्री फोर्स और विभिन्न राज्यों की पुलिस बल के कुल 216 पदाधिकारियों और जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए वीरगति प्राप्त की है। इनमें झारखंड राज्य के तीन वीर जवान भी शामिल थे, जिन्होंने अपनी कर्तव्यनिष्ठा और साहस का परिचय देते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।

हवलदार चौहान हेम्ब्रम, जो 12 अगस्त 2024 को एक सजायाफ्ता कैदी की सुरक्षा में प्रतिनियुक्त थे, कैदी द्वारा किए गए हमले में शहीद हो गए। वहीं, चतरा जिले में 7 फरवरी 2024 को नक्सली हमले में आरक्षी 285 सिकंदर सिंह और आरक्षी 1053 सुकन राम शहीद हुए। इसके अलावा, आरक्षी 1305 रामदेव महतो 14 अगस्त 2023 को अपराधियों के साथ मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए थे।

पुलिस संस्मरण दिवस पर इन शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए झारखंड पुलिस ने उनके परिवारों को भरोसा दिलाया कि पुलिस के सभी अधिकारी और कर्मी उनके साथ सदैव खड़े रहेंगे। शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए अधिकारियों ने कहा कि इन वीर जवानों की वीरता और कर्तव्यपरायणता को हमेशा याद रखा जाएगा।

 

झारखंड पुलिस की इस श्रद्धांजलि परेड ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि राज्य के सुरक्षा बल देश और राज्य की रक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं और अपने शहीद साथियों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा।

Related Posts