झारखंड विधानसभा चुनाव पहले चरण के प्रचार पर नेताओं का महाजुटान
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:राजधानी रांची समेत झारखंड के विभिन्न जिलों में पहले चरण के अंतर्गत 43 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार आज सोमवार शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा। प्रचार के अंतिम दिन भाजपा, झामुमो, कांग्रेस और राजद सहित अन्य पार्टियों के नेताओं का राज्यभर में भारी जमावड़ा देखने को मिलेगा। इस दौरान राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय नेताओं का झारखंड में महाजुटान होगा।

प्रचार के आखिरी दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य बड़े नेता कई चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। श्री शाह सरायकेला, सिमडेगा और तमाड़ में रैलियों को संबोधित करेंगे, जबकि योगी आदित्यनाथ गढ़वा के नगरउटारी, पलामू के हुसैनाबाद, पांकी और डालटनगंज में चार जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

इसके अलावा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी भी दो-दो चुनावी सभाओं में भाग लेंगे। श्री यादव गढ़वा और सिमरिया में तथा श्री मांझी मंझगांव और सरायकेला में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
भाजपा नेता और फिल्म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती 11 नवंबर को बहरागोड़ा और घाटशिला में जनसभा तथा पोटका में रोड शो करेंगे। वे बहरागोड़ा के मिडिल स्कूल मैदान में दोपहर 12 बजे, घाटशिला के सर्कस ग्राउंड में 1:30 बजे और पोटका में 3:30 बजे रोड शो करेंगे।

इनके अलावा भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा सह प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री भी अन्य क्षेत्रों में प्रचार अभियान में हिस्सा लेंगे, जिससे पहले चरण का प्रचार अभियान आज शाम को भव्य समापन की ओर बढ़ेगा।















