कोल्हान क्षेत्र में सुरक्षा बलों का नक्सल विरोधी अभियान जारी, IED बरामद कर नष्ट
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड।पश्चिम सिंहभूम जिले के कोल्हान क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों ने व्यापक संयुक्त अभियान शुरू किया है। प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) संगठन के शीर्ष नक्सली नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, चमन, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन अपने दस्ते के साथ क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं।
इन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चाईबासा पुलिस के नेतृत्व में कोबरा 209 और 203 बटालियन, झारखंड जगुआर, और सीआरपीएफ की विभिन्न बटालियनों का एक संयुक्त अभियान दल गठित किया गया है। इस दल ने 10 अक्टूबर 2023 से गोईलकेरा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों जैसे कुईड़ा, छोटा कुईड़ा, मारादिरी, मेरालगडा, हाथीबुरू, तिलायबेड़ा बोयपाईससांग, कटम्बा, बायहातु, बोरोय और लेमसाडीह में लगातार तलाशी अभियान चलाया है।
आज, 13 दिसंबर 2024 को, टोन्टो थाना क्षेत्र के तुम्बाहाका के निकटवर्ती जंगली और पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किया। इसे सुरक्षा बलों को लक्षित करने के लिए लगाया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर बम निरोधक दस्ता को बुलाकर इस IED को सुरक्षित रूप से उसी स्थान पर नष्ट कर दिया गया।
नक्सल विरोधी इस अभियान में सुरक्षा बलों की मुस्तैदी और निरंतरता नक्सलियों की विध्वंसक योजनाओं पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रशासन ने जनता से भी सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है।