टेल्को में 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ, आरती में शामिल हुईं विधायक पूर्णिमा साहू
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड।जमशेदपुर के टेल्को स्थित कार्तिक नगर सामुदायिक विकास मैदान, खारंगझाड़ में गायत्री परिवार टेल्को और गायत्री परिवार ट्रस्ट टाटानगर के संयुक्त तत्वावधान में 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। महायज्ञ के दूसरे दिन सुबह 9:30 बजे से पूजन एवं हवन प्रारंभ हुआ, जो दोपहर 1:00 बजे तक चला। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और विधिपूर्वक यज्ञ में भाग लिया।
विधायक पूर्णिमा साहू ने की आरती, ट्रस्ट ने किया सम्मानित
आरती के समय जमशेदपुर पूर्वी क्षेत्र की विधायक श्रीमती पूर्णिमा साहू का आगमन हुआ। उन्होंने आरती कार्यक्रम में भाग लिया और गायत्री परिवार ट्रस्ट टाटानगर की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक साहू ने आयोजकों और श्रद्धालुओं को बधाई दी तथा समाज में आध्यात्मिकता और सेवा कार्यों के महत्व को रेखांकित किया।
भोग-प्रसाद वितरण एवं पुराण कथा का आयोजन
महायज्ञ की पूर्णाहुति के उपरांत भोग-प्रसाद की व्यवस्था की गई, जिसमें लगभग 300 श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
संध्या समय 5 बजे से 7 बजे तक पुराण कथा का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने श्रद्धा के साथ भाग लिया और धार्मिक कथाओं का श्रवण किया।
इस आयोजन ने स्थानीय लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया और क्षेत्र में धार्मिक एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया।