Regional

बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड में निवेश के लिए दिया निमंत्रण

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

कोलकाता: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज पश्चिम बंगाल के न्यू टाउन स्थित बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट-2025 के उद्घाटन समारोह में शिरकत की। उन्होंने देश-विदेश से आए उद्यमियों और निवेशकों को झारखंड में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया और राज्य में उपलब्ध अपार संभावनाओं को रेखांकित किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ग्लोबल बिजनेस समिट जैसे आयोजन राज्यों और देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि झारखंड देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है और नए उद्योगों के लिए निवेशकों को हर संभव सुविधा दी जाएगी।

 

झारखंड में निवेश की अपार संभावनाएँ

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड को निवेश के लिए उपयुक्त स्थान बताते हुए कहा कि राज्य में खनिज संपदा, टेक्सटाइल, पर्यटन और कला-संस्कृति जैसे कई क्षेत्रों में विकास की अपार संभावनाएँ हैं। झारखंड देश का 40% खनिज संसाधन प्रदान करता है और यहां कई बड़े उद्योग पहले से ही स्थापित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नई औद्योगिक पहल कर रही है, जिससे उद्योगपतियों को हर संभव सहयोग मिलेगा।

देश की अर्थव्यवस्था में झारखंड की महत्वपूर्ण भूमिका

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खनिज संसाधनों के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और यहां मौजूद प्राकृतिक संसाधन उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड तसर उत्पादन में देश में सबसे आगे है, जिससे टेक्सटाइल उद्योग को भी बढ़ावा मिल सकता है। इसके अलावा, पर्यटन के क्षेत्र में भी झारखंड में अपार संभावनाएँ हैं, जिससे निवेशकों को अच्छा लाभ मिल सकता है।

झारखंड और पश्चिम बंगाल के घनिष्ठ संबंध

 

मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि झारखंड और पश्चिम बंगाल सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से एक-दूसरे के काफी करीब हैं। दोनों राज्यों में कई समान गतिविधियाँ संचालित हो रही हैं, जिससे समग्र विकास को बढ़ावा मिल रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर उद्योगपतियों से अपील की कि वे झारखंड में निवेश करें और राज्य की आर्थिक तरक्की में भागीदार बनें। उन्होंने आश्वासन दिया कि झारखंड सरकार हर निवेशक को आवश्यक संसाधन और सुविधाएं प्रदान करेगी, जिससे राज्य के विकास की गति और तेज होगी।

Related Posts