Regional

फरवरी 2025 में खाद्यान्न और अन्य आवश्यक वस्तुओं के वितरण की समय सारणी जारी

न्यूज़ लहर संवाददाता

 

झारखंड:चाईबासा में खाद्य, सार्वजनिक वितरण और उपभोक्ता मामले विभाग ने फरवरी 2025 में वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न और अन्य आवश्यक सामग्रियों की समय सारणी जारी कर दी है। जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानों का संचालन प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक किया जाएगा, हालांकि सोमवार को यह बंद रहेंगी।

ग्रीन राशन कार्डधारकों को अप्रैल 2024 माह के लंबित खाद्यान्न का वितरण 1 फरवरी से 15 फरवरी 2025 तक किया जाएगा, जबकि फरवरी 2025 माह का खाद्यान्न 16 फरवरी से 28 फरवरी 2025 के बीच वितरित किया जाएगा।

 

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत लाल (PHH) और पीले (अंत्योदय) कार्डधारकों को जनवरी 2025 के खाद्यान्न का वितरण, जो पहले 31 जनवरी तक निर्धारित था, अब बढ़ाकर 10 फरवरी 2025 तक कर दिया गया है। इसी श्रेणी के कार्डधारकों को फरवरी 2025 के लिए खाद्यान्न 28 फरवरी 2025 तक उपलब्ध कराया जाएगा।

 

अप्रैल, मई और जून 2024 के लिए सभी कार्डधारकों को नमक वितरण किया जा रहा है, जो जल्द ही समाप्त हो सकता है। अंत्योदय कार्डधारकों को इन तीन महीनों के लिए चीनी का भी वितरण किया जा रहा है। इसके अलावा, वित्तीय वर्ष 2024-25 की दूसरी छमाही के अंतर्गत सोना सोबरन धोती-साड़ी योजना का वितरण विभिन्न प्रखंडों में जारी है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी लाभार्थियों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Related Posts