अमेरिका में भारतीयों के निर्वासन के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
![](https://newslahar.in/wp-content/uploads/2025/02/IMG-20250207-WA0033-1140x620.jpg)
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:चाईबासा में अमेरिकी सरकार द्वारा भारतीय प्रवासियों के अचानक और अन्यायपूर्ण निर्वासन के विरोध में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार शुक्रवार शाम को पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने शहीद पार्क चौक, चाईबासा में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “केंद्र सरकार होश में आओ,” “भारतीय सम्मान को ठेस पहुँचाना बंद करो,” और “भारतीयों का अपमान करना बंद करो” जैसे नारे लगाए।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव एवं जिला बीस सूत्री सदस्य त्रिशानु राय ने इस निर्वासन को भारतीयों की गरिमा का घोर उल्लंघन बताते हुए कहा कि निर्वासित लोगों को अमानवीय हिरासत, यात्रा के दौरान हथकड़ी लगाए जाने और आर्थिक संकट जैसी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा के प्रति उदासीन बनी हुई है और वैश्विक मंच पर भारतीय नागरिकों की गरिमा की रक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नितिमा बारी ने कहा कि यह घटना अवैध प्रवासन रोकने के लिए मजबूत नीतियों की आवश्यकता को दर्शाती है। उन्होंने मानव तस्करी के नेटवर्क को समाप्त करने, निर्वासितों के पुनर्वास की व्यवस्था करने और विदेशों में रोजगार के लिए सुरक्षित एवं कानूनी रास्ते सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन में ओबीसी जिला अध्यक्ष रंजीत यादव, सेवादल मुख्य संगठन लक्ष्मण हासदा, जिला महासचिव लियोनार्ड बोदरा, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, सिकुर गोप, राहुल पुरती, सकारी दोंगो, गीता हेम्ब्रम, सुनीला जामुदा, संतोष सिन्हा, राकेश सिंह, मथुरा चांपिया, राजेश बानरा, महिप कुदादा, कृष्णा गोप, अशोक मुंडरी, अतुल चन्द्र गोप, हरिचरण कुमार, गोपी बोदरा, शिव कुमार अंगरिया, विकास दास, सिंगराय गोप, उमाकांत गोप और सुशील कुमार दास सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में कहा कि यह विरोध प्रदर्शन न्याय, मानवीय व्यवहार और नीति सुधार की सामूहिक मांग को मजबूत करेगा और सरकार को भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने पर मजबूर करेगा।