भाजपा के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद रॉय का निधन, जमशेदपुर में शोक की लहर
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड।जमशेदपुर में भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और जनसंघ के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद रॉय का शनिवार सुबह 11 बजे निधन हो गया। वे 82 वर्ष के थे। उनका इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा था, जहां वे पिछले पांच दिनों से वेंटिलेटर पर थे।
30 जनवरी को सांस लेने में तकलीफ होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शुक्रवार रात उनकी हालत गंभीर हो गई, और तमाम प्रयासों के बावजूद शनिवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन की खबर मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा सहित कई भाजपा नेता अस्पताल पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
सच्चिदानंद रॉय अपने पीछे दो बेटे, ब्रजेश राय और उमेश राय, समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका राजनीतिक जीवन जनसंघ के दौर से शुरू हुआ था, और वे जमशेदपुर भाजपा के मजबूत स्तंभ माने जाते थे। उनके निधन को पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति बताया जा रहा है।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे एक युग का अंत करार दिया है। उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं, जिसमें कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।