Regional

सरायकेला-खरसावां में अवैध अफीम की खेती पर कड़ी कार्रवाई, 19 एकड़ फसल नष्ट, तीन गिरफ्तार

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड।सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 19 एकड़ में लगी अफीम की फसल को नष्ट किया गया और खेती में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक स्वयं खरसावां थाना, कुचाई थाना और दलभंगा ओपी क्षेत्र में अभियान का निरीक्षण करने पहुंचे और ड्रोन कैमरे की सहायता से अवैध अफीम की खेती की पहचान करवाई।

इस कार्रवाई के दौरान कुचाई थाना क्षेत्र के ग्राम जोड़ासारजोम में तीन एकड़ में लगी अफीम की खेती को नष्ट किया गया, जहां से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं, ईचागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सालुकडीह में एक एकड़ में लगी अफीम की खेती को खत्म किया गया।

दलभंगा ओपी क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई हुई, जहां सियाडी टोला नावाडीह गांव में दस एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

इस अभियान के सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिले। पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों से प्रेरित होकर दलभंगा ओपी क्षेत्र के बांधडीह गांव के ग्रामीणों ने स्वयं आगे आकर अपनी पांच एकड़ भूमि पर लगी अफीम की फसल को नष्ट कर दिया।

 

सरायकेला-खरसावां जिले में फसलीय वर्ष 2024-25 के दौरान अब तक कुल 498 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से उगाई गई अफीम की खेती को नष्ट किया जा चुका है और इस गैरकानूनी काम में संलिप्त कुल 12 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि जिले में अवैध अफीम की खेती को पूरी तरह समाप्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts