जमशेदपुर में सांसद पप्पू यादव का भव्य स्वागत, कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का आह्वान
![](https://newslahar.in/wp-content/uploads/2025/02/IMG-20250209-WA0024.jpg)
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड।जमशेदपुर में कांग्रेस नेता सह सांसद पप्पू यादव अपने जमशेदपुर प्रवास के दौरान बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने प्रोटोकॉल के तहत उन्हें अंगवस्त्र, गांधी टोपी और बुके भेंट कर सम्मानित किया। इस स्नेह और सम्मान से अभिभूत सांसद पप्पू यादव ने कांग्रेस जिला कमिटी का आभार व्यक्त किया और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
भाजपा की नीतियों पर किया प्रहार
कांग्रेस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए सांसद पप्पू यादव ने भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही है। हर जरूरत की चीज़ों—खाने-पीने की वस्तुओं और कपड़ों पर जीएसटी लगाकर आम जनता की परेशानियों को बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार नौजवानों की नौकरियों को खत्म कर रही है और बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा की कुनीतियों को जनता के सामने उजागर करें और संगठन को मजबूती प्रदान करें। उन्होंने कहा, “आम जनता कांग्रेस के साथ है, हमें बस गांव-गांव तक संगठन को फैलाना होगा और जनता के दुख-दर्द में भागीदार बनना होगा।”
यादव महासभा कार्यक्रम में पहुंचे सांसद
सांसद पप्पू यादव ने बताया कि वे यादव महासभा के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जमशेदपुर आए हैं। इसी क्रम में वे कांग्रेस जिला कार्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय के जीर्णोद्धार के लिए जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे की सराहना की और कहा कि इस तरह के सकारात्मक प्रयास संगठन को और मजबूत बनाएंगे।
संगठन को जमीनी स्तर तक ले जाने का संकल्प
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने सांसद पप्पू यादव को महान जन नेता बताते हुए कहा कि जिला कांग्रेस कमिटी जनता की समस्याओं को लगातार उठा रही है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में संगठन को जिला, प्रखंड, मंडल और पंचायत स्तर पर नए सिरे से धारदार बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेता
इस मौके पर प्रदेश सचिव खगेन चन्द्र महतो, योगेन्द्र सिंह यादव, अरुण कुमार सिंह, संजय सिंह आज़ाद, ऋषि मिश्र, अशोक सिंह क्रांतिकारी, अमित श्रीवास्तव, रंजीत सिंह, सन्नी सिंह, राहुल गोस्वामी, अजय शर्मा, मुन्ना मिश्र, राजा ओझा, अनंत लाल, निखिल कुमार, गोपाल यादव, पवन बिहारी ओझा, बीरेंद्र पांडेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करने का संकल्प लिया।