Law / Legal

डीएवी स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन, बच्चों को कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:पाकुड़ जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वाधान में गुरुवार को डीएवी पब्लिक स्कूल के सभागार में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार पाकुड़ जिला विधिक सेवा प्राधिकार समिति द्वारा आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन पाकुड़ के जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष शेषनाथ सिंह, समिति के सचिव अजय कुमार गुड़िया, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य धर्मेंद्र कुमार देव और वरिष्ठ स्नातकोत्तर शिक्षक संजीव कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

शिविर में समिति के अध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने बाल संवर्धन और संरक्षण, बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं देने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने लैंगिक अपराधों से बालकों और बालिकाओं के संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) के तहत बच्चों को जागरूक किया।

शिविर के दौरान अच्छे और बुरे स्पर्श, लड़के एवं लड़कियों को समान रूप से कानूनी सहायता, शिक्षा का अधिकार, बाल श्रम, बाल विवाह आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके अलावा, बच्चों की शंकाओं का समाधान भी किया गया और उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया गया।

 

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक अमित कुमार, संजय कुमार यादव, रंजीत कुमार मंडल, रतन कुमार पांडे, प्रकाश कुमार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के पैरा लीगल वॉलंटियर्स उत्पल मंडल और नीरज कुमार राउत समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Posts