रोहित सिंह पर जानलेवा हमला: भाई की हत्या के बाद अब खुद बने निशाना

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर में गुरुवार की देर रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के गरमनाला मोड़ के पास अज्ञात बदमाशों ने रोहित सिंह पर फायरिंग कर दी। रोहित सिंह मानगो पोस्ट ऑफिस रोड के निवासी हैं और हाल ही में मारे गए राजा सिंह के भाई हैं। गोली की आवाज सुनते ही रोहित सिंह ने अपनी बाइक वहीं छोड़ दी और पास के जंगल में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना का विवरण
रोहित सिंह ने बताया कि गुरुवार रात वे साकची बाजार जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वह गरमनाला मोड़ के पास पहुंचे, एक युवक, जो सफेद कुर्ता पहने था, अचानक फायरिंग करने लगा। रोहित ने खुद को बचाने के लिए बाइक छोड़ दी और भागते हुए पास के जंगल में छिप गए। लगभग 20 मिनट तक वह वहीं छिपे रहे और फिर धीरे-धीरे राजेंद्र विद्यालय के पास आए, जहां एक कार खड़ी थी। वहां पहुंचकर उन्हें थोड़ी राहत मिली।
भाई की हत्या से जुड़ा हो सकता है हमला
रोहित सिंह का कहना है कि इस हमले के पीछे उनके भाई राजा सिंह की हत्या से जुड़े लोग हो सकते हैं। 2 फरवरी 2024 को मानगो पोस्ट ऑफिस रोड पर अपराधियों ने सरेआम राजा सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में प्रवीर और उसके कुछ साथी जेल गए थे, लेकिन कुछ आरोपी अभी भी जमानत पर बाहर हैं।
हमलावर हेलमेट पहने थे
रोहित सिंह ने बताया कि वह हमलावरों को पहचान नहीं पाए क्योंकि सभी ने हेलमेट पहन रखा था। घटना के बाद से उनके परिवार में डर का माहौल है।
पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।
परिवार में डर का माहौल
लगातार दूसरी बार परिवार के किसी सदस्य पर जानलेवा हमला होने से सिंह परिवार डरा हुआ है। रोहित सिंह ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।