Crime

सारंडा में नक्सली साजिश नाकाम, सुरक्षा बलों ने IED किया निष्क्रिय

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:चाईबासा पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत 16 फरवरी 2025 को गोईलकेरा थाना क्षेत्र के लेमसाडीह के पास जंगल और पहाड़ी क्षेत्र से नक्सलियों द्वारा लगाया गया एक इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद कर निष्क्रिय किया गया।

नक्सली गतिविधियों पर कड़ा पहरा

 

प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों के लिए सक्रिय हैं। इसे देखते हुए चाईबासा पुलिस, कोबरा बटालियन (209 और 203), झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ (60, 197, 174, 193, 134 और 26 बटालियन) की संयुक्त टीम ने व्यापक नक्सल विरोधी अभियान चलाया।

IED बरामदगी और निष्क्रियकरण

 

अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने लेमसाडीह के जंगल और पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए पहले से लगाए गए 5 किलोग्राम वजनी IED को बरामद किया। बम निरोधक दस्ते की मदद से इसे मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया।

 

सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी

 

सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में गहन सर्च ऑपरेशन जारी रखा है ताकि नक्सलियों की किसी भी साजिश को नाकाम किया जा सके। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

चाईबासा और आसपास के इलाकों में इस अभियान से सुरक्षा बलों का मनोबल ऊंचा हुआ है, वहीं नक्सली संगठनों पर दबाव बढ़ गया है। अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि क्षेत्र को नक्सलियों के प्रभाव से मुक्त किया जा सके।

Related Posts