सरायकेला में धूमधाम से मनी श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी की 137वीं जयंती, निकली भव्य शोभायात्रा

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:सरायकेला में श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी का 137वां जन्मोत्सव सत्संग विहार, सरायकेला में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 4:55 बजे वेद मांगलिक एवं उषा कीर्तन से हुई। इसके बाद सुबह 6:19 बजे सामूहिक विनती प्रार्थना और धर्म ग्रंथ पाठ का आयोजन किया गया। सुबह 7:00 बजे से भजन-कीर्तन प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
सुबह 9:30 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो गैरेज चौक से होते हुए संजय चौक, पटनायक टोला, मुख्य बस स्टैंड और थाना चौक तक पहुंची। इसके बाद पुनः गैराज चौक होते हुए शोभायात्रा सत्संग विहार में संपन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन गाते हुए ठाकुर जी के आदर्शों का प्रचार किया।
शोभायात्रा के समापन के बाद सत्संग विहार में साधारण सभा और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस पूरे आयोजन की देखरेख धीरेंन महतो के नेतृत्व में की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था और वातावरण पूरी तरह धार्मिक और भक्तिमय बना रहा।