Uncategorized

आईजीएच रेफरल सेवा में अनियमितता: नया वाहन और ड्राइवर बदलने की मांग

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: सेल गुवा चिकित्सालय द्वारा संचालित रेफरल सेवा में अनियमितताओं को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अस्पताल प्रशासन द्वारा मंगलवार से शनिवार तक रेफर किए गए मरीजों को राउरकेला स्थित आईजीएच (इंदिरा गांधी अस्पताल) ले जाने और वापस लाने के लिए विंगर वाहन का उपयोग किया जाता है।

हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह वाहन मरीजों की सेवा से अधिक निजी व्यावसायिक लाभ के लिए उपयोग किया जा रहा है। वाहन चालक किशोर दास द्वारा राउरकेला से लौटते समय इसे सवारी गाड़ी की तरह चलाया जा रहा है और अवैध रूप से सामान व अन्य लोगों को लाने-ले जाने का कार्य किया जा रहा है। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के अलावा, बाजार में बेचे जाने वाले थोक सामान भी इस वाहन से गुवा लाए जाते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सेल पदाधिकारियों एवं चिकित्सकों की मिलीभगत से यह गैरकानूनी गतिविधि लगातार जारी है, जिससे मरीजों को सुविधा के बजाय असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए गुवा क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने मांग की है कि वर्तमान ड्राइवर को हटाकर नए ठेकेदार के माध्यम से एक नया वाहन संचालित किया जाए।

लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस गड़बड़ी को नहीं रोका गया, तो यह वाहन मरीजों की सुविधा के लिए कम और बाजार के दुकानदारों के लिए सामान ढोने का साधन अधिक बन जाएगा। लगभग दस वर्षों से संचालित यह विंगर वाहन अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन चुका है, जिसे बदलना आवश्यक हो गया है।

Related Posts