Regional

सिदगोड़ा सूर्यधाम में भव्य श्रीराम कथा की शुरुआत, शुक्रवार को निकलेगी विशाल शोभायात्रा

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:जमशेदपुर के सिदगोड़ा सूर्यधाम में नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों की भव्य शुरुआत शुक्रवार को विशाल शोभायात्रा के साथ होगी। यह शोभायात्रा दोपहर 3 बजे बारीडीह सुगना कॉलोनी मंदिर से निकलेगी और नगर भ्रमण करते हुए सूर्यधाम पहुंचेगी।

इस आयोजन का मुख्य आकर्षण बैंड-बाजा, भक्तिमय डीजे संगीत, पुष्पवर्षा, केसरिया ध्वजों से सुसज्जित मार्ग, सनातन संस्कृति के पारंपरिक वेशभूषा में पुरोहितों का समूह, आतिशबाजी और प्रयागराज महाकुंभ के साधु-संतों की मनोरम झांकियां होंगी।

इस पावन अवसर पर सूर्य मंदिर के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, तथा हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। आयोजन की जानकारी गुरुवार को होटल मिष्टी इन, भालूबासा में हुई प्रेस वार्ता में सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी, मीडिया प्रभारी प्रेम झा और प्रमोद मिश्रा ने दी।

 

श्रद्धा, भक्ति और संस्कृति की अद्भुत झलक

 

सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि राम मंदिर स्थापना की पंचम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति, एकता और भारतीय संस्कृति की अद्भुत झलक प्रस्तुत करेगा। आयोजन स्थल को पुष्प और विद्युत सज्जा से सुसज्जित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शंख मैदान में पक्के पंडाल, सीसीटीवी सुरक्षा, अग्निशामक यंत्र, अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था और सैकड़ों स्वयंसेवक एवं सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से इस दिव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने का आग्रह किया।

 

सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन

 

महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि सूर्यधाम में 22 से 28 फरवरी तक आचार्य राजेन्द्र जी महाराज (श्रीधाम वृंदावन) द्वारा श्रीरामचरित मानस की संगीतमय कथा प्रस्तुत की जाएगी। यह कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से संध्या 7:30 बजे तक चलेगी। इस आयोजन को लेकर शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह है और हर दिन भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर करने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के विशेष प्रबंध

 

मीडिया प्रभारी प्रेम झा और प्रमोद मिश्रा ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान यातायात नियंत्रण हेतु विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि यह भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। इसके अलावा, समिति के सदस्यों द्वारा शहरवासियों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया गया है।

 

इस आयोजन के प्रभारी कमलेश सिंह बनाए गए हैं, जबकि शोभायात्रा की सफलता हेतु मिथलेश सिंह यादव, दिनेश कुमार, शैलेश गुप्ता, जीवन साहू, बबलू गोप और पप्पू उपाध्याय को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर सज्जा की जिम्मेदारी अमरजीत सिंह राजा, कंचन दत्ता, तेजिंदर सिंह जॉनी, कुमार अभिषेक और विकास शर्मा को दी गई है।

 

यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, आध्यात्मिकता और संस्कृति का एक अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करेगा।

Related Posts