Regional

सूर्यमंदिर में श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ, श्रद्धालु हुए मंत्रमुग्ध

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड।जमशेदपुर स्थित सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति द्वारा श्रीराम मंदिर स्थापना की पंचम वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को संगीतमय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रारंभ से पहले वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास, विधायक पूर्णिमा साहू सपरिवार, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी व अन्य ने विधिवत रूप से व्यास पीठ और व्यास का पूजन किया। इसके बाद श्रीधाम वृंदावन से पधारे मर्मज्ञ कथा वाचक आचार्य राजेंद्र जी महाराज, संगीत मंडली और अन्य सदस्यों का स्वागत किया गया।

श्रीराम कथा के प्रथम दिन आचार्य राजेंद्र जी महाराज ने श्रीराम कथा महिमा एवं गुरु महिमा का सुंदर वर्णन किया। इस दौरान पांच सदस्यीय संगीत मंडली ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, भक्तगण भजनों पर झूमते और आनंदित होते नजर आए। कथा के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

आचार्य राजेंद्र जी महाराज ने श्रीराम कथा की महिमा बताते हुए कहा कि श्रीराम संपूर्ण ब्रह्मांड में व्याप्त शक्ति हैं और उनकी कथा का श्रवण करने से जीवन धन्य हो जाता है। उन्होंने बताया कि श्रीराम की भक्ति मन, वचन और कर्म की शुद्धि का मार्ग प्रशस्त करती है। कथा केवल पुण्य अर्जन का साधन नहीं, बल्कि आत्मा को जागृत करने का माध्यम भी है।

गुरु महिमा पर प्रकाश डालते हुए आचार्य जी ने कहा कि भगवान स्वयं जगतगुरु हैं और मनुष्य के जीवन में गुरु का विशेष स्थान होता है। बिना गुरु के ज्ञान प्राप्त नहीं किया जा सकता और बिना ज्ञान के ईश्वर की प्राप्ति संभव नहीं होती। उन्होंने गुरु को जीवन रूपी पतंग की डोर बताया, जो सही मार्गदर्शन देकर व्यक्ति को ऊंचाइयों तक पहुंचाता है।

 

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने कहा कि अयोध्या में बने श्रीराम मंदिर की तर्ज पर सूर्यधाम में राम मंदिर का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि मंदिर समिति द्वारा हर वर्ष श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा, ताकि यह परंपरा अनवरत चलती रहे और जनमानस को श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा मिलती रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रेम, भक्ति और सहयोग से यह आयोजन भव्य और दिव्य बनता है।

रविवार को कथा के द्वितीय दिन शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का वर्णन किया जाएगा। कथा दोपहर 3:30 बजे प्रारंभ होगी, जिसके लिए 3 बजे तक श्रद्धालुओं को कथा स्थल पर एकत्रित होने का आग्रह किया गया है।

 

इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, समाजसेवी ललित दास, अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी, दिनेश कुमार, सुशांत पांडा, अमरजीत सिंह राजा, शैलेश गुप्ता, बोलटू सरकार, शशिकांत सिंह, रूबी झा, बंटी अग्रवाल, कंचन दत्ता, प्रेम झा, विकास शर्मा, ओंकार सिंह, सतीश सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Posts