पश्चिमी सिंहभूम में 27 एकड़ अवैध अफीम की खेती नष्ट, पुलिस का जागरूकता अभियान जारी

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड।पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। इस अभियान के दौरान करीब 27 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया।
बंदगांव थाना क्षेत्र में 20 एकड़ अफीम नष्ट
बंदगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गयाडीह, दिग्गी और गगरी में लगभग 20 एकड़ अवैध अफीम की खेती को पुलिस ने विनष्ट किया। साथ ही, ग्राम दिग्गी में खेल रहे नवयुवक हॉकी खिलाड़ियों, उपस्थित दर्शकों और ग्रामीणों को अफीम की खेती के दुष्प्रभावों के बारे में हिंदी और मुंडारी भाषा में जागरूक किया गया। इस दौरान उन्हें संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई और अवैध अफीम की खेती के स्थान पर वैकल्पिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने इस संदेश को मजबूत करने के लिए पोस्टर और बैनर भी वितरित किए।
ग्रामीणों की पहल से टेबो थाना क्षेत्र में 7 एकड़ फसल नष्ट
पुलिस के निरंतर जागरूकता अभियान का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला, जब टेबो थाना क्षेत्र के ग्राम बिंगबुरू में ग्रामीणों ने स्वयं लगभग 7 एकड़ अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया।
सतत अभियान और जनसहभागिता पर जोर
पुलिस प्रशासन ने इस कार्रवाई को अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए ग्रामीणों से सहयोग जारी रखने की अपील की है।
साथ ही, इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अवैध अफीम की खेती को पूरी तरह समाप्त किया जा सके और किसानों को वैकल्पिक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।