Regional

अनुपस्थित डॉक्टरों पर गिरी गाज: अनुमंडल पदाधिकारी ने सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड ।पूर्वी सिंहभूम जिला में धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती शताब्दी मजूमदार ने सदर अस्पताल, जमशेदपुर का औचक निरीक्षण किया और अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं एवं संसाधनों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, स्त्री एवं प्रसूती रोग विभाग तथा मरीजों के वार्डों का बारीकी से निरीक्षण किया और मरीजों से बातचीत कर अस्पताल प्रशासन द्वारा दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान चार डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए—ईएनटी विभाग की डॉ. प्रीति पांडेय, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. निकिता गुप्ता, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. गीताली घोष, और डेंटल विभाग के डॉ. विमलेश कुमार। इन चिकित्सकों की अनुपस्थिति बिना पूर्व सूचना के थी,

जिसे गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने सिविल सर्जन को इनके खिलाफ शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, चिकित्सकों का रोस्टर उनके कक्ष के अंदर और बाहर स्पष्ट रूप से चिपकाने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने अस्पताल के वार्डों और शौचालयों की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने,

मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता में सुधार करने और नियमित रूप से बेडशीट बदलने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि डॉक्टरों की नियमित विजिट सुनिश्चित की जाए और मरीजों के रजिस्टर अपडेट रखे जाएं।

अनुमंडल पदाधिकारी शताब्दी मजूमदार ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने के लिए ऐसे निरीक्षण निरंतर जारी रहेंगे ताकि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके और मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।

Related Posts