Regional

टाटा स्टील मनाएगा संस्थापक जमशेदजी टाटा की 186वीं जयंती, शहर होगा रोशनी से जगमग

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:जमशेदपुर में टाटा स्टील 3 मार्च 2025 को अपने संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की 186वीं जयंती को भव्य और उत्साहपूर्ण तरीके से मनाने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह में बाजार, तकनीक और लागत को ध्यान में रखते हुए विभिन्न माध्यमों से टाटा स्टील की थीम प्रदर्शित की जाएगी। इसके साथ ही, ग्राहकों की आवश्यकताओं और उनकी उपयोगिता को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

रूसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस ऑडिटोरियम में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी, टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी रितुराज सिन्हा, और सीनियर जीएम टाउन आरके सिंह ने संयुक्त रूप से यह जानकारी दी।

संस्थापक दिवस समारोह की भव्यता

 

श्री चौधरी ने बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी टाटा स्टील और टाटा समूह की अन्य कंपनियां संस्थापक दिवस को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाएंगी। उन्होंने संस्थापक जमशेदजी टाटा की उद्यमशीलता यात्रा को याद करते हुए बताया कि 1870 के दशक में उन्होंने सूती वस्त्र उद्योग से अपने व्यापार की शुरुआत की थी, जो बाद में इस्पात और ऊर्जा क्षेत्र में विकसित होकर टाटा स्टील के रूप में हमारे सामने है।

 

शहर के प्रतिष्ठित स्थल जगमगाएंगे

 

इस वर्ष समारोह की खास झलक जमशेदपुर के 20 से अधिक प्रतिष्ठित स्थलों, प्रमुख इमारतों और दर्जनों गोलचक्करों की विद्युत साज-सज्जा होगी। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते ये स्थल न केवल समारोह में चार चांद लगाएंगे बल्कि टाटा समूह की अनूठी विरासत के प्रतीक भी बनेंगे। यह नजारा न सिर्फ शहरवासियों बल्कि दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

संस्थापक दिवस समारोह का सीधा प्रसारण कर्मचारियों के लिए किया जाएगा ताकि वे भी इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बन सकें।

 

टाटा संस के चेयरमैन अर्पित करेंगे श्रद्धांजलि

 

2 मार्च 2025 को जुबिली पार्क में टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन मुख्य अतिथि होंगे और संस्थापक जमशेदजी टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। आम नागरिकों के लिए जुबिली पार्क 3 से 5 मार्च तक खुला रहेगा, जिससे वे भी इस अवसर का आनंद उठा सकें।

 

टाटा स्टील वर्क्स में भव्य समारोह

 

3 मार्च 2025 को टाटा स्टील जमशेदपुर वर्क्स में संस्थापक दिवस का भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर कई प्रमुख कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन होगा, जो संस्थापक की विरासत को सम्मान देने के साथ-साथ टाटा स्टील की भावी योजनाओं को भी प्रदर्शित करेगा।

 

संस्थापक दिवस 2025 का यह समारोह जमशेदपुर को एक बार फिर से रोशनी, उल्लास और गौरव से भर देगा।

Related Posts