Regional

चाईबासा में हो हयम अदो सनागोम बिड़व बदाबदि परीक्षा का आयोजन, सैकड़ों विद्यार्थियों ने लिया भाग* 

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:चाईबासा में नवयुवक संघ, कमारहातु एवं न्यू टाइटनिक क्लब गुटुसाई के संयुक्त तत्वावधान में स्टूडेंट एकेडमी मतकमहातु में “हो हयम अदो सनागोम बिड़व बदाबदि” परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में जिले के विभिन्न प्रखंडों से सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

“बदाबदि” परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को हो भाषा, संस्कृति, सभ्यता और हो समुदाय के साहित्यकारों की कृतियों व उनके अनुकरणीय व्यक्तित्वों के बारे में जानकारी प्रदान करना था। परीक्षा में कुल सौ प्रश्न थे, जो हो भाषा की देवनागरी और वारङचिति लिपि में मुद्रित थे। ये प्रश्न हो समाज की विविधता, संस्कृति और इतिहास से जुड़े थे, ताकि विद्यार्थी अपनी जड़ों से जुड़े रह सकें और अपनी भाषा और संस्कृति को समझ सकें।

परीक्षा का अवलोकन करने के लिए कई प्रमुख व्यक्ति मौजूद थे, जिनमें मतकमहातु पंचायत की मुखिया जुलियाना देवगम, कमारहातु के मुंडा बिरसा देवगम, हो समाज महासभा के पदाधिकारी नरेश देवगम, और झारखंड शिक्षा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद रांची के हो भाषा के राज्य साधन सेवी शिक्षक कृष्णा देवगम शामिल थे। इन प्रमुख व्यक्तियों ने परीक्षा केन्द्र पर पहुंचकर परीक्षार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें प्रोत्साहित किया।

 

इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य रघुनाथ देवगम, दुंबी देवगम, रघुनाथ मुखी, हो शिक्षक गलाय पुरती, शिक्षक राजेश महतो, नारायण बानरा, विकास खंडाईत, शिवचरण देवगम, सुरजा देवगम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

यह आयोजन न केवल हो भाषा और संस्कृति के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता पैदा करने के लिए महत्वपूर्ण था, बल्कि यह क्षेत्रीय समाज के विकास में भी सहायक सिद्ध हो सकता है। इस प्रकार के आयोजन हो समाज की सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखने और विद्यार्थियों को अपने इतिहास से जोड़ने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

Related Posts