Regional

मानगो में जाम से राहत के लिए पीपा पुल क्यों नहीं बनाया जा रहा? – विकास सिंह

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:जमशेदपुर में भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों पर मानगो की ट्रैफिक समस्या को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि बजट में मानगो और साकची के बीच अस्थायी रूप से एक पीपा पुल बनाने का प्रस्ताव शामिल किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में बढ़ते यातायात जाम से लोगों को राहत मिल सके।

विकास सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि महाकुंभ मेले के दौरान वहां दर्जनों पीपा पुल बनाए गए थे, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिली। ऐसे में झारखंड सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि मानगो में प्रतिदिन लगने वाले भारी जाम को देखते हुए पीपा पुल बनाने का प्रस्ताव क्यों नहीं रखते?

उन्होंने कहा कि वर्तमान में दो पुल चालू होने के बावजूद मानगो में हर दिन लोगों को, विशेषकर बच्चों और मरीजों को, जानलेवा जाम का सामना करना पड़ता है। प्रशासन पुराने पुल को बंद करने की योजना बना रहा है, लेकिन पहले ही एक दिन के लिए इसे बंद कर ट्रैफिक व्यवस्था का परीक्षण किया गया था, जिसका नतीजा भयावह रहा। उस दिन का भयंकर जाम स्थानीय लोगों को परेशानी में डालने वाला था।

विकास सिंह ने सरकार से मांग की कि मानगो की जाम समस्या को गंभीरता से लिया जाए और जल्द से जल्द एक अस्थायी पीपा पुल का निर्माण किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Related Posts