अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा में नारी शक्ति के संग संगीतमय होली मिलन समारोह का होगा आयोजन, विधायक पूर्णिमा साहू की पहल पर समारोह की तैयारियां जोरों पर
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सम्मान और एकजुटता को समर्पित भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन क्षेत्र की महिलाओं को सशक्त मंच प्रदान करने और उनके बीच आपसी सौहार्द्र व सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा साहू की पहल पर होली मिलन समारोह अगामी 8 मार्च, शनिवार को संध्या 5:30 बजे से सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित होगा। वहीं, आयोजन की तैयारियों को भव्यता प्रदान करने के लिए महिला मोर्चा द्वारा विभिन्न मंडलों में लगातार बैठकें की जा रही हैं।
इस निमित्त, गुरुवार को जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा अंतर्गत भाजपा बारीडीह मंडल की महिला मोर्चा अध्यक्ष रूपा देवी की अध्यक्षता में मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में होली मिलन समारोह की सफलता और भव्यता हेतु विस्तारपूर्वक चर्चा कर रूपरेखा बनाई गयी। इस दौरान बैठक में उपस्थित महिलाओं ने कई सुझाव भी दिए।
इस संबंध में विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र की महिलाओं को एक मंच देना है, जहां वे अपनी संस्कृति, परंपराओं और एकजुटता का उत्सव मनाते हुए अपनी उपलब्धियों को साझा कर सकें। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में पूर्वी विधानसभा की सभी माताओं-बहनों को ससम्मान आमंत्रित किया गया है, जहां वे होली के रंग, फगुआ गीत-संगीत और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद उठाते हुए नारी शक्ति का उत्सव मनाएंगी।
इस आयोजन की सफलता हेतु जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सक्रिय रूप से जुटे हैं। जिनमें उर्मिला दास, रूपा देगी, बिमला साहू, संजना साहू, सुधा यादव, सीलु साहू एवं अन्य शामिल हैं।