अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025 के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में नारी शक्ति को सम्मानित किया गया*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कोल्हन विश्वविद्यालय स्थित ऑडिटोरियम में 2025 के अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने की, और इसमें चाईबासा जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, जिला उपायुक्त कुलदीप चौधरी, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा, सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया और उपस्थित अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, चाईबासा की उत्कृष्ट बालिकाओं को उनके शैक्षणिक और खेल प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कक्षा 8 की अंकिता बानरा और कक्षा 12 की रीमा प्रधान को शिक्षा के क्षेत्र में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए पुरस्कार मिला। खेल जगत में उत्कृष्टता हासिल करने वाली श्रीमती रूपा रानी तिर्की, चांदमुनी कुंकल, माधुरी कुंकल, सरीना बिरुली और ज्योति मछुवेन को नारी शक्ति सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा, पोषण और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के क्षेत्र में योगदान देने के लिए 9 सेविकाओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री-झारखंड द्वारा भेजे गए महिला दिवस संदेश की प्रति भी उपस्थित अतिथियों को वितरित की गई। इसके साथ ही, महिला सशक्तिकरण और समान अवसर के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठापूर्वक करने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और शिशुओं का अन्नप्रासन भी किया गया। कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के छात्रों द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और महिला सशक्तिकरण पर नृत्य और अखरा कोल्हान के नुक्कड़ नाटक “ये कैसा सपना” की प्रस्तुति भी कार्यक्रम का हिस्सा रही।
सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का यह दायित्व है कि वह विकास में पीछे रह गए लोगों को आगे लाने में अपनी भूमिका निभाए, और विशेष रूप से नारी शक्ति को स्वावलंबी बनाने के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि जब समाज की आधी आबादी स्वावलंबी होगी, तभी एक खुशहाल और उन्नत समाज का निर्माण संभव है।
उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नारी समाज विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत आर्थिक सहायता देने की बात कही।
यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, और स्वास्थ्य के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण कदम था।