चांडिल में सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: चांडिल थाना क्षेत्र के शहरबेडा एनएच-33 पर सोमवार तड़के सुबह करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय समाजसेवियों और पुलिस की मदद से घायल युवक को जमशेदपुर के अस्पताल भेजा गया।
रांची से जमशेदपुर जा रहे थे युवक
मृतक युवक रांची का रहने वाला था और दोनों युवक बाइक से रांची से जमशेदपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शहरबेडा के पास उनकी बाइक अज्ञात वाहन से टकरा गई, जिससे एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
एनएचएआई की लापरवाही से बढ़ रहे हादसे
स्थानीय लोगों और समाजसेवियों का कहना है कि एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) की लापरवाही के कारण इस क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। बीते छह महीनों से इस सड़क को वन-वे बना दिया गया है, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं। चिलगु से लेकर शहरबेडा तक करीब 50 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
समाजसेवियों ने दिखाई मानवता
घटना के करीब दो घंटे बाद एनएचएआई की पेट्रोलिंग गाड़ी पहुंची। इस दौरान स्थानीय समाजसेवी दिलीप महतो और सुजीत महतो ने मानवता का परिचय देते हुए लहूलुहान मृतक के शव को उठाया। सूचना पाकर चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस वन-वे सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।