आदित्यपुर में भव्य गोद भराई एवं अन्नप्राशन संस्कार संपन्न

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड। सरायकेला खरसावां जिला स्थित आदित्यपुर बाल विकास परियोजना एवं मानसी प्रोजेक्ट के संयुक्त तत्वाधान में सोमवार को आईसीडीएस कार्यालय में सौ से अधिक गर्भवती माताओं की गोद भराई तथा छह माह पूरे करने वाले बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर गम्हरिया बाल विकास परियोजना पदाधिकारी दुर्गेश नंदिनी एवं मानसी प्रोजेक्ट के कर्मचारी मौजूद रहे।
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी दुर्गेश नंदिनी ने कहा कि आमतौर पर यह कार्यक्रम आंगनबाड़ी स्तर पर आयोजित किया जाता है, लेकिन इस बार इसे आईसीडीएस कार्यालय परिसर में विशेष रूप से भव्य रूप में संपन्न किया गया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में मानसी प्रोजेक्ट के कर्मचारी भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को बाल विवाह एवं भ्रूण हत्या के प्रति जागरूक करने के लिए विभाग विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर रहा है। इसके तहत महिलाओं को शिक्षित किया जा रहा है ताकि वे स्वयं भी समाज में जागरूकता फैलाने में योगदान दे सकें।
इसके अलावा, दुर्गेश नंदिनी ने झारखंड सरकार द्वारा किशोरियों के लिए चलाई जा रही सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के बारे में भी जानकारी दी। इस योजना के तहत कक्षा आठ, नौ, दस, ग्यारह और बारह में अध्ययनरत किशोरियों को पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही, 18-19 वर्ष की वे किशोरियां जिनका वोटर आईडी बन चुका है, उन्हें भी झारखंड सरकार मुफ्त में सहायता राशि प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना की और इसे अपने जीवन के लिए उपयोगी बताया।