जमशेदपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता हरदीप सिंह का निधन, बार एसोसिएशन ने जताया शोक

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर के बारीडीह विजया गार्डेन निवासी तथा जमशेदपुर बार एसोसिएशन के वरीय सदस्य एवं टाटा स्टील लीगल सेल के पूर्व कर्मी अधिवक्ता हरदीप सिंह का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) शीतगृह में रखा गया है।
परिजनों के अनुसार, उनका बेटा विदेश में है और बुधवार को आने की संभावना है। इसके चलते बुधवार या गुरुवार को स्वर्णरेखा बर्निंग घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
हरदीप सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश, कानपुर के निवासी थे। उनके ससुर सरदार दीदार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को उनकी याद में अखंड पाठ रखा जाएगा और रविवार को बारीडीह गुरुद्वारा में भोग एवं अंतिम अरदास की जाएगी।
उनके निधन पर जमशेदपुर बार एसोसिएशन ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक सभा आयोजित की और दोपहर 2 बजे के बाद न्यायिक कार्यों से अलग रहने का निर्णय लिया।
शोक व्यक्त करने वालों में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.एन. दास, महासचिव राजेश रंजन, अधिवक्ता अभय कुमार सिंह, आलोक कुमार सिंह, बिजेंद्र सिंह, मलकीत सिंह सैनी, हरजीत सिंह, सुधीर कुमार पप्पू समेत कई अन्य शामिल रहे।
इसके अलावा, कौमी सिख मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलविंदर सिंह ने भी गहरा शोक प्रकट किया। जमशेदपुर के कानूनी समुदाय ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी सेवाओं को याद किया।