Crime

जमशेदपुर: दहेज प्रताड़ना का शिकार हुई रानी कुमारी, पति पर हत्या का आरोप

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के चांदनी चौक कबीर मंदिर के पास रहने वाली 20 वर्षीय रानी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मृतका के परिजनों ने उसके पति इकबाल राम पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है।

 

परिजनों ने लगाया पति पर हत्या का आरोप

 

बिहार के पश्चिमी चंपारण से रानी कुमारी की मां कुंती देवी और चाचा मनोज राम शनिवार को जमशेदपुर पहुंचे और परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि रानी की शादी के बाद से ही उसका पति इकबाल राम उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था। परिजनों का कहना है कि उन्होंने शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे और भरपूर दहेज दिया था। लेकिन शादी के दो महीने बाद ही इकबाल राम ने 10 लाख रुपये और एक चार पहिया वाहन की मांग शुरू कर दी।

दहेज के लिए प्रताड़ना और गर्भपात

 

रानी कुमारी ने इस प्रताड़ना के बारे में पहले भी पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने बताया था कि उसका पति इकबाल राम और देवर संदीप कुमार उसे दहेज के लिए पीटते थे, जिससे उसका दो महीने का गर्भपात हो गया। इसके बाद भी प्रताड़ना जारी रही और इकबाल राम ने दूसरी शादी करने की धमकी दी थी।

 

गला दबाकर हत्या की आशंका

 

रानी कुमारी की मौत को इकबाल राम ने आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की और शव को तीन तल्ले से नीचे फेंक दिया। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें रानी के गले पर गला दबाने के निशान पाए गए। इससे यह संदेह बढ़ गया कि उसकी हत्या गला दबाकर की गई है। परिजनों ने मौके पर ही आरोपी पति इकबाल राम की पिटाई कर दी, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस जांच में जुटी

 

परसुडीह थाना प्रभारी फैज आलम ने बताया कि शव के गले पर निशान मिले हैं, जिससे गला दबाने की आशंका मजबूत हो रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस ने इकबाल राम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Posts