टाटा स्टील के कर्मचारी प्रितपाल सिंह की अचानक मौत, परिवार व समाज में शोक की लहर

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर में टाटा स्टील के गम्हरिया स्थित टिस्को ग्रोथ शॉप (टीजीएस) के मशीन शॉप कर्मचारी और गोलमुरी गाढ़ाबासा निवासी 40 वर्षीय प्रितपाल सिंह की शनिवार को ड्यूटी जाते समय अचानक मौत हो गई। इस घटना से उनके परिवार और समाज में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रितपाल सिंह सुबह 5:15 बजे अपने घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। कुछ दूर जाने के बाद वह अचानक सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने तुरंत उनके परिवार को सूचित किया, जिसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें घर ले जाने लगे। घर पहुंचते ही उनकी तबीयत और बिगड़ गई, और उल्टी होने पर उनके चेहरे के हावभाव से स्थिति गंभीर नजर आई।
परिवार के लोग तुरंत उन्हें लेकर टाटा मेन अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 5:45 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। चूंकि उनकी मौत सड़क पर हुई थी, इसलिए प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराया। दोपहर 12:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रितपाल सिंह के पार्थिव शरीर को उनके घर से जुगसलाई गुरुद्वारा साहिब लाया गया, जहां समाज के लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। सिख समुदाय और टिस्को ग्रोथ शॉप यूनियन के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस मौके पर टिस्को ग्रोथ शॉप यूनियन के महासचिव शिव लखन सिंह, सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह, हरबंस सिंह, दिनेश कुमार, प्रभु कुमार, सुखविंदर सिंह शाबी, अमोलक सिंह और सिमरन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इसके बाद बिष्टुपुर पार्वती घाट में पूरे धार्मिक रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। प्रितपाल सिंह अपने पीछे बुजुर्ग माता बलवीर कौर, पत्नी, दो छोटे बच्चों और दो भाइयों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार, समाज और टाटा स्टील के सहकर्मियों में गहरा दुख व्याप्त है।