Regional

महावीर मंडल चाईबासा के 36वें अध्यक्ष का चुनाव 23 मार्च को रविंद्र भवन में, परंपरा के तहत होगा गुप्त मतदान* 

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: महावीर मंडल चाईबासा के 36वें अध्यक्ष का चुनाव आगामी 23 मार्च, रविवार को रविंद्र भवन में आयोजित किया जाएगा। यह चुनाव दिन के 11 बजे से प्रारंभ होगा। यह निर्णय महावीर मंडल के सत्र 2024-25 के पदाधिकारियों, संरक्षक मंडल और विभिन्न अखाड़ों की संयुक्त बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष पवन शर्मा ने की।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि महावीर मंडल की 21 सदस्यीय कार्यसमिति के अध्यक्ष, महामंत्री, चार उपाध्यक्ष, चार मंत्री, कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी और नौ कार्यकारिणी सदस्य का चुनाव शहर के सभी अखाड़ों के नव निर्वाचित अध्यक्ष और महामंत्री गुप्त मतदान द्वारा करेंगे। यह चुनाव महावीर मंडल द्वारा पिछले 36 वर्षों से चल रही परंपरा का पालन करते हुए संपन्न होगा।

 

महावीर मंडल के चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए मंडल के संरक्षक कैलाश खंडेलवाल को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, दिलीप साव और पवन शर्मा को चुनाव अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। चुनाव में सहयोग के लिए संरक्षक राजकुमार रजक, अनूप कुमार सुल्तानिया, रितेश चिरानियां, विजय राज यादव, दुर्गा प्रसाद साव, रवि प्रकाश गुप्ता और चंदन पांडे को चुनाव सहयोगी के रूप में नियुक्त किया गया है।

 

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी अखाड़ों के चुनाव अधिकारी और अखड़ा प्रतिनिधि 21 मार्च तक अपने-अपने अखाड़ों के चुनाव संपन्न कर मुख्य चुनाव अधिकारी को निर्वाचित समिति की सूची सौंपें, ताकि महावीर मंडल के चुनाव के लिए मतदाता सूची प्रकाशित की जा सके।

गौरतलब है कि चाईबासा में कुल 42 अखाड़े हैं, जिनमें से 35 अखाड़े प्रत्येक वर्ष शोभा यात्रा निकालते हैं। इस बार एक नए अखाड़े, लोहार पट्टी से भी शोभा यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया है। महावीर मंडल इस नए अखाड़े का स्वागत और अभिनंदन करता है, जो शोभा यात्रा में अपनी भागीदारी दर्ज करेगा।

Qa

इस बैठक में महावीर मंडल के संरक्षकों सहित राजकुमार रजक, अनुप कुमार सुल्तानिया, कैलाश खंडेलवाल, विजय राज यादव, दिलीप साव, दुर्गा साव, रितेश चिरानिया, रवि प्रसाद गुप्ता, चंदन पांडे, उदय विश्वकर्मा, अनुप करण, रवि रजक, विक्की चरण रजक, अमर सिंह, आदित्य दधीचि, आकाश लोहर, निशांत प्रसाद और द्वारिका शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Related Posts