चाईबासा में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, नक्सली डम्प ध्वस्त, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित सारंडा जंगल में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत, रापा मुंडा अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
इसी के मद्देनजर चाईबासा पुलिस, कोबरा 209 बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की विभिन्न बटालियनों (60 बटालियन, 197 बटालियन, 174 बटालियन, 193 बटालियन, 134 बटालियन, 26 बटालियन) ने संयुक्त अभियान दल का गठन कर लगातार अभियान चला रखा है।
वर्ष 2022 से यह संयुक्त अभियान गोईलकेरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुईड़ा, छोटा कुईड़ा, मारादिरी, मेरालगड़ा, हाथीबुरू, तिलायबेड़ा, बोयपाईससांग, कटम्बा, बायहातु, बोरोय, लेमसाडीह और टोन्टो थाना क्षेत्र के ग्राम हुसिपी, राजाबासा, तुम्बाहाका, रेगड़ा, पाटातोरब, गोबुरू, लुईया के सीमावर्ती इलाकों में संचालित किया जा रहा है। सुरक्षा बलों को लगातार नक्सलियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए अभियान को गति दी जा रही है।
इसी क्रम में सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली कि नक्सलियों ने टोन्टो थाना क्षेत्र के जंगली और पहाड़ी इलाकों में हथियार और गोला-बारूद छुपाकर रखा है। इस सूचना के आधार पर 18 मार्च 2025 को गोईलकेरा थाना क्षेत्र के वनग्राम हाथीबुरू और लोवाबेड़ा के आसपास के जंगलों और पहाड़ियों में सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को हाथीबुरू और लोवाबेड़ा के बीच के वन क्षेत्र में एक नक्सली डम्प मिला। सुरक्षा बलों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इस डम्प को ध्वस्त कर दिया। बम निरोधक दस्ते की मदद से बरामद विस्फोटक सामग्रियों को वहीं निष्क्रिय कर दिया गया। इसके अलावा, भारी मात्रा में गोला-बारूद और नक्सलियों के दैनिक उपयोग की सामग्रियां भी बरामद की गईं, जिन्हें विधिवत जब्त कर लिया गया।
सुरक्षा बलों को इस डम्प से दो केन आईईडी मिले, जिनका कुल वजन लगभग आठ किलोग्राम था। इसके अलावा, बीस मीटर कॉर्डेक्स वायर, पचास इलेक्ट्रिक स्विच, एक किलोग्राम स्प्लिंटर, चालीस सिरिंज, सौ मीटर दो एमएम इलेक्ट्रिक वायर, बीस मीटर चार एमएम इलेक्ट्रिक वायर और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्रियां बरामद की गईं। इस सफल अभियान में चाईबासा जिला पुलिस और सीआरपीएफ की 60 बटालियन की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सुरक्षा बलों का नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि अभियान के तहत और भी ठिकानों की तलाश की जा रही है ताकि नक्सली गतिविधियों को पूरी तरह खत्म किया जा सके। सुरक्षा एजेंसियों ने आम जनता से अपील की है कि अगर उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो वे तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचित करें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।