Crime

पलामू पुलिस को बड़ी सफलता, ब्राउन शुगर तस्करी में तीन गिरफ्तार

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: पलामू जिला स्थित चैनपुर पुलिस ने 17 मार्च 2025 को वाहन चेकिंग के दौरान ब्राउन शुगर तस्करी में संलिप्त तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 710.56 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹8.89 लाख नगद, एक आर्टिगा कार, तीन एंड्रॉयड फोन और सोने के गहने बरामद किए हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति सफेद रंग की आर्टिगा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर JH-03AR-9151) से ब्राउन शुगर की तस्करी कर गढ़वा रोड से डालटनगंज की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके निर्देश पर अंचलाधिकारी चैनपुर की उपस्थिति में पुलिस निरीक्षक सदर अंचल चैनपुर के नेतृत्व में थाना पुलिस बल द्वारा मगरदाहा घाटी में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान संदिग्ध आर्टिगा कार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उसमें सवार तीनों व्यक्ति भागने लगे। पुलिस बल की तत्परता से तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार व्यक्तियों में गढ़वा जिले के मनीष कुमार, पलामू जिले के मो. तुफान राईन और गुमला जिले के चिराग कुमार सिंह शामिल हैं। बरामद ब्राउन शुगर में से 300 ग्राम कार के डैशबोर्ड से और 410.56 ग्राम चिराग कुमार सिंह के बैग से मिला। इसके अलावा मनीष कुमार के पास से ₹8.89 लाख नकद बरामद किए गए।

 

पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्तियों ने स्वीकार किया कि वे ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त हैं। चिराग कुमार सिंह ने 410.56 ग्राम ब्राउन शुगर ₹8.89 लाख में खरीदी थी। आरोपियों के पास से मिले ब्राउन शुगर के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।

 

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ एवं अन्य सामान को विधिवत जब्त करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में चैनपुर थाना में कांड संख्या 43/2025, दिनांक 17.03.2025 के तहत धारा 21(सी), 22(सी), 25, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

 

इस अभियान में पुलिस निरीक्षक जीतराम महली, थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा, पु.अ.नि. बाबुलाल दुबे, रंजीत कुमार, स.अ.नि. अजय कुमार गुप्ता, रामचंद्र चौधरी, हव. आनंद मसीह टोपनो, आरक्षी शीतल मुर्मू सहित पुलिस बल शामिल रहा।

 

पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में नशा तस्करों के खिलाफ एक कड़ा संदेश गया है। पलामू पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि नशे के कारोबार पर लगाम लगाई जा सके।

Related Posts