मेहनत, प्रशिक्षण और समर्पण से सफलता की ऊँचाईयों तक पहुँचे केदारेश्वर जेना

न्यूज़ लहर संवाददाता
ओड़िशा।बड़बील (क्योंझर), मेहनत, सही दिशा और प्रशिक्षित कर्मियों के सहयोग से किसी भी लक्ष्य को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। यह कहना है बड़बील स्थित महिंद्रा बोलेरो सर्विस सेंटर के संचालक एवं प्रबंधक केदारेश्वर जेना का, जिन्हें 2012 में बेस्ट मैनेजर अवार्ड से सम्मानित किया गया था।
केदारेश्वर जेना ने 1998 में एमबीए की पढ़ाई छोड़कर ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग की ओर रुख किया और अपने कौशल और अनुभव के बल पर महिंद्रा बोलेरो बड़बील शाखा को एक उत्कृष्ट सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया। वर्तमान में, वे अपने सर्विस सेंटर में कार्यरत 102 कर्मचारियों में से 45 को आईटीआई प्रशिक्षण दिलाकर ऑटोमोबाइल क्षेत्र में दक्ष बना चुके हैं। इनमें से अधिकांश को फीटर एवं ऑटोमोबाइल का तकनीकी प्रशिक्षण भी दिलाया गया है।
जेना का मानना है कि प्रशिक्षित कर्मियों की कुशलता ही किसी भी व्यवसाय की सफलता की कुंजी होती है। इसलिए उन्होंने अपने कर्मचारियों को नियमित कार्यकाल के बाद अतिरिक्त दो घंटे का प्रशिक्षण देकर अत्यधिक कुशल बना दिया है। उनके इस समर्पण और दूरदर्शिता का परिणाम है कि बड़बील स्थित बोलेरो सर्विस सेंटर को 2009 में उड़ीसा राज्य के सर्वश्रेष्ठ केंद्रों में से एक के रूप में चयनित किया गया।
भुवनेश्वर के समकक्ष काम कर रहा बड़बील बोलेरो सर्विस सेंटर
महिंद्रा बोलेरो बड़बील सर्विस सेंटर अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के चलते राज्य की राजधानी भुवनेश्वर के प्रमुख सर्विस सेंटरों के समकक्ष काम कर रहा है। यहाँ ग्राहक सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है और उपभोक्ताओं के साथ मजबूत संबंध बनाए रखने के लिए रोड सेफ्टी एवं दुर्घटना रोकथाम जागरूकता अभियान भी चलाए जा चुके हैं।
इसके अलावा, स्कूली बच्चों के लिए ड्राइविंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है, ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
सर्विस सेंटर की सेवाएँ और प्रबंधन
वर्तमान में, केदारेश्वर जेना के नेतृत्व में बोलेरो सर्विस सेंटर में सेल्स, सर्विस, स्पेयर बॉडी पार्ट्स, इंश्योरेंस, और अन्य कार्यालयों का संचालन 102 कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है। इन कर्मचारियों को समय-समय पर नवीनतम तकनीकी जानकारी देकर प्रशिक्षित किया जाता है, जिससे वे पुरानी और नई दोनों तरह की गाड़ियों की मरम्मत और सर्विसिंग बेहतरीन तरीके से कर सकते हैं।
केदारेश्वर जेना का यह समर्पण और व्यवसायिक दृष्टिकोण न केवल उनके सर्विस सेंटर की सफलता का कारण बना है, बल्कि उन्होंने उड़ीसा में ऑटोमोबाइल सर्विसिंग को भी नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है।