बिहार दिवस पर माइकल जॉन ऑडिटोरियम में भाजपा का स्नेह मिलन समारोह, प्रवासी बिहारी समाज होगा शामिल

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” और “वसुधैव कुटुंबकम” के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी देशभर में बिहार दिवस के अवसर पर ‘स्नेह मिलन समारोह’ का आयोजन कर रही है। इसी कड़ी में, भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा 27 मार्च को बिष्टुपुर के माइकल जॉन ऑडिटोरियम में भव्य स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा।
यह आयोजन बिहार और झारखंड की साझा सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और राष्ट्रीय एकता को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पूर्व मंत्री व आरा के विधायक अमरेंद्र प्रताप सिंह होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, बिहार विधान परिषद सदस्य बबलू गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। इस समारोह को लेकर बुधवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, कार्यक्रम के प्रदेश सह संयोजक शैलेन्द्र सिंह, जिला महामंत्री संजीव सिंह, कार्यक्रम के जिला संयोजक विजय तिवारी एवं जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा उपस्थित थे।
बिहार-झारखंड की संस्कृति की झलक मिलेगी समारोह में
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि गुरुवार को होने वाले स्नेह मिलन समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस आयोजन में बिहार और झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, परंपराएं और रीति-रिवाजों का उत्सव मनाया जाएगा। विशेष रूप से प्रवासी बिहारी समाज के लोगों को आमंत्रित किया गया है और उनके प्रेरणादायक व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दोनों राज्यों की कला और परंपराओं की झलक मिलेगी। इसके अलावा, सहभोज का आयोजन भी होगा, जिसमें बिहार और झारखंड के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।
प्रवासी बिहारी समाज को जोड़ने का प्रयास
प्रदेश सह संयोजक शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि बिहार के लगभग 2 करोड़ प्रवासी देश के विभिन्न हिस्सों में निवास करते हैं। यह स्नेह मिलन समारोह उनके लिए अपनी जड़ों से जुड़ने और अपनी सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने का अवसर होगा। उन्होंने कहा कि झारखंड कभी बिहार का अभिन्न अंग रहा है और यहां की भावनाएं, परंपराएं एवं रीति-रिवाज बिहार से गहराई से जुड़े हुए हैं। यह आयोजन दोनों राज्यों के साझा इतिहास और संस्कृति के बंधन को और मजबूत करेगा।
भाजपा ने शहरवासियों से समारोह में शामिल होने की अपील की
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने शहर के सभी प्रवासी बिहारी समाज से समारोह में भाग लेने और इसे सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में भारतीय संस्कृति की महत्ता, बिहार के ऐतिहासिक योगदान, एनडीए सरकार की उपलब्धियों और आगामी विधानसभा चुनावों में प्रवासी समाज की भूमिका पर भी चर्चा होगी।
भाजपा का यह स्नेह मिलन समारोह न केवल प्रवासी बिहारी समाज को एक मंच प्रदान करेगा, बल्कि बिहार और झारखंड के गहरे रिश्तों को भी मजबूत करेगा।