Regional

छठ घाट पर सूर्य को अर्घ्य देने के बाद बुजुर्ग की मौत, परिजनों ने एंबुलेंस सुविधा पर उठाए सवाल

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत जाहिरा कॉलोनी के रहने वाले 63 वर्षीय बुजुर्ग जोहार प्रसाद की शुक्रवार सुबह छठ घाट पर सूर्य को अर्घ्य देने के बाद मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोमुहानी छठ घाट पर एंबुलेंस सुविधा की कमी को उनकी मृत्यु का कारण बताया।

परिजनों के अनुसार, जोहार प्रसाद अपने परिवार के साथ छठ पर्व मना रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 6:25 से 6:30 बजे के बीच वे दोमुहानी छठ घाट पर अर्घ्य देने पहुंचे। पूजा संपन्न करने के बाद जब वे अपने कपड़े धो रहे थे, तभी अचानक बेहोश होकर पानी में गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों और परिवार के सदस्यों ने तुरंत उन्हें पानी से बाहर निकाला और अस्पताल ले जाने की कोशिश की।

 

परिजनों का आरोप है कि छठ घाट पर प्रशासन की ओर से एंबुलेंस की सुविधा नहीं थी, जिसके कारण उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। किसी तरह प्रशासन की एंबुलेंस को बुलाकर उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है और वे छठ पर्व के दौरान जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध न होने को लेकर प्रशासन से जवाब मांग रहे हैं।

Related Posts