Law / Legal

वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 के दोनों सदनों में पारित होने पर  भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने पीएम नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार को सराहा, कहा- यह लोकतंत्र की जीत एवं सबका साथ और सबके विकास के मंत्र का साकार रूप

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:जमशेदपुर में वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 के लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में ऐतिहासिक रूप से पारित होने के साथ ही भारत ने सामाजिक न्याय और पारदर्शिता की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार की प्रतिबद्धता और एकजुटता की मुक्तकंठ से प्रशंसा की है।

शुक्रवार को जारी प्रेस-विज्ञप्ति में जमशेदपुर महानगर सुधांशु ओझा ने कहा कि यह विधेयक वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता, जवाबदेही और समावेशिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि विधेयक में झारखंड के संदर्भ में भी अहम संशोधन शामिल है। जिसमें संशोधन के जरिए झारखंड के आदिवासियों के हितों और उनकी जमीन की रक्षा सुनिश्चित की गयी है।

 

सुधांशु ओझा ने इस उपलब्धि को लोकतंत्र की जीत और सबका साथ, सबका विकास के मंत्र का साकार रूप बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और एनडीए सरकार की दृढ़ संकल्पशक्ति ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यह सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 न केवल वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग पर लगाम लगाएगा, बल्कि गरीब और हाशिए पर पड़े मुस्लिम समुदाय को उनका हक दिलाने में भी मदद करेगा। उन्होंने आगे कहा कि यह विधेयक पारदर्शिता और आधुनिकता के साथ वक्फ व्यवस्था को सशक्त बनाने का एक अभूतपूर्व प्रयास साबित होगा। यह कदम न सिर्फ मुस्लिम समुदाय के कल्याण के लिए है, बल्कि देश के समग्र विकास को गति देने वाला भी है। उन्होंने उत्साहपूर्वक कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी की यह पहल सामाजिक न्याय और समानता के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाती है।

संसद के दोनों सदनों में गहन विचार-विमर्श और बहस के बाद इस विधेयक को मंजूरी मिली है, जिसे सुधांशु ओझा ने एनडीए गठबंधन की एकता और सामूहिक संकल्प का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह विधेयक पारित होना सरकार और उसके सहयोगी दलों के बीच मजबूत समन्वय और साझा दृष्टिकोण को दर्शाता है। यह एक ऐसी उपलब्धि है जो आने वाले समय में देश के सामाजिक-आर्थिक ढांचे को मजबूती से सुदृढ़ करेगी।

 

अंत में, जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू समेत सभी सांसदों को बधाई देते हुए कहा कि यह विधेयक भारत को एक समृद्ध, पारदर्शी और न्यायपूर्ण समाज की ओर ले जाने वाला कदम है।

Related Posts