पश्चिमी सिंहभूम में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण कदम उठाया है। संगठनात्मक मजबूती और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी प्रखंडों और नगरों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। यह नियुक्ति झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव कमलेश के निर्देश पर और जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर दास की अनुशंसा पर की गई है।
अप्रैल, मई और जून 2025 तक इन पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी, कार्यकर्ताओं से संवाद और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने की होगी। कांग्रेस पार्टी को उम्मीद है कि इन नियुक्तियों से संगठन की जमीनी पकड़ मजबूत होगी और कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊँचा रहेगा।
बंदगांव प्रखंड में मांगु हो, चक्रधरपुर में रमेश सिंह, सोनुवा में राजेन्द्र पुरती, गोईलकेरा में आतीश गागराई, मनोहरपुर में राजेश चौरसिया, आनंदपुर में जय प्रकाश महतो, गुदड़ी में लियोनार्ड बोदरा, नोवामुंडी में मो. आबीद हुसैन, जगन्नाथपुर में यशवीर बिरुवा, मझगांव में मायाधर बेहरा, कुमारडुंगी में रविन्द्र बिरुवा, तांतनगर में कैरा बिरुवा, मंझारी में बालेमा कुई, हाटगम्हरिया में मासूम रजा, चाईबासा सदर में मोहन सिंह हेम्ब्रम, झींकपानी में जानवी कुदादा, टोंटो में पूर्ण चन्द्र कायम, खूंटपानी में अशोक बारिक, चाईबासा नगर में राजेश शुक्ला और चक्रधरपुर नगर में अशरफुल होदा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि इस निर्णय का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि पर्यवेक्षक कांग्रेस पार्टी के विचारों को आम जनता तक पहुँचाने, कार्यकर्ताओं से समन्वय स्थापित करने और पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। कांग्रेस कमेटी को उम्मीद है कि यह पहल संगठन की नींव को और मजबूत करेगी तथा पार्टी को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावशाली बनाएगी।