PGT-TGT शिक्षकों की बहाली में कटौती के खिलाफ गरजा झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रिक मोर्चा, शिक्षा मंत्री की निकाली ‘शव यात्रा’

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:घाटशिला के फूलडूंगरी से झारखंड में PGT और TGT शिक्षकों की बहाली में कटौती के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। शनिवार को झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रिक मोर्चा के बैनर तले फूल डूंगरी चौक से प्रदेश के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के विरोध में प्रतीकात्मक ‘शव यात्रा’ निकाली गई। इस विरोध मार्च का नेतृत्व मोर्चा के नेता एवं घाटशिला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रामदास मुर्मू ने किया।
इस विरोध प्रदर्शन में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सहित कई प्रमंडल स्तरीय नेता भी शामिल हुए। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बहाली प्रक्रिया में हो रही कटौती को शिक्षा विरोधी करार दिया।
रामदास मुर्मू ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार और शिक्षा मंत्री की लापरवाही के कारण शिक्षकों की बहाली संख्या लगातार घटाई जा रही है, जो राज्य के छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनसंख्या में जहां लगातार इजाफा हो रहा है, वहीं सरकारी स्कूलों की संख्या स्थिर बनी हुई है, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर भारी दबाव पड़ रहा है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “बड़े नेताओं के बच्चे तो अंग्रेजी माध्यम के महंगे स्कूलों में पढ़ते हैं, मगर आम जनता के बच्चे आज भी सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा के लिए जूझ रहे हैं।”
मोर्चा ने सरकार से मांग की है कि शिक्षक बहाली की संख्या में कटौती को तत्काल रोका जाए और राज्यभर में स्कूलों की संख्या बढ़ाकर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
रामदास मुर्मू ने चेतावनी दी कि यह प्रतीकात्मक शव यात्रा आंदोलन की शुरुआत मात्र है, यदि सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो आगे व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।