Crime

महुआ चुनने के दौरान वज्रपात की चपेट में आए चाचा-भतीजा, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड।चतरा जिला स्थित हंटरगंज थाना क्षेत्र के तिलहेत पंचायत अंतर्गत कल्याणपुर गांव स्थित प्रतापपुर टांड़ में रविवार की सुबह दर्दनाक हादसा हुआ, जब महुआ चुनने के दौरान चाचा-भतीजा वज्रपात की चपेट में आ गए। इस घटना में चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया है।

 

मृतक की पहचान 48 वर्षीय अमरेश सिंह (पिता स्व. दुर्योधन सिंह) के रूप में की गई है, जबकि घायल युवक महेश कुमार, उम्र 22 वर्ष, अमरेश सिंह के चचेरे भाई किरण सिंह का पुत्र है।

 

महुआ पेड़ के नीचे बचाव के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, रविवार की अहले सुबह करीब 5 बजे, दोनों व्यक्ति अपने महुआ की रखवाली के लिए घर से सटे प्रतापपुर टांड़ पहुंचे थे। उसी दौरान तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने लगी। दोनों पानी से बचने के लिए एक महुआ पेड़ के नीचे खड़े हो गए। अचानक वज्रपात होने से अमरेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महेश कुमार गंभीर रूप से झुलस गया।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद

कुछ देर बाद मृतक के भाई प्रवेश सिंह की नजर घटनास्थल पर पड़ी, जिन्होंने तत्काल गांव के लोगों को सूचना दी और थाना व अस्पताल को भी खबर दी। घायल महेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंटरगंज में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

 

वहीं, हंटरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के घर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों के बीच भी इस दर्दनाक घटना को लेकर गहरा शोक और भय का माहौल बना हुआ है।

Related Posts