Regional

संविधान की रक्षा को कांग्रेस का संकल्प, भाजपा पर लगाया मनुस्मृति लाने का आरोप*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:चाईबासा में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर संविधान विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए मंगलवार को जिला कांग्रेस कमिटी, प. सिंहभूम ने तीव्र प्रतिक्रिया दी। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा देश से संविधान समाप्त कर मनुस्मृति थोपना चाहती है।”

बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का संविधान सामाजिक समरसता और समानता की बुनियाद है। उन्होंने कहा, “हम संविधान की रक्षा के लिए हर परिस्थिति में कोई भी मूल्य चुकाने को तैयार हैं।” उनका कहना था कि संविधान के बिना भारत के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।

*कांग्रेस की भूमिका को बताया ऐतिहासिक*
श्री दास ने कहा कि संविधान के निर्माण में कांग्रेस और बाबा साहब की भूमिका अविस्मरणीय रही है। कांग्रेस ने संविधान लागू होते ही सभी नागरिकों को समान अधिकार दिया, जबकि अमेरिका जैसे देशों को इसमें सदियां लग गईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा संविधान को कमजोर कर वर्णव्यवस्था की पुनर्स्थापना के प्रयास में जुटी है।

*संविधान बनाम मनुस्मृति की लड़ाई*
जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि आज देश में दो विचारधाराओं की टक्कर है— एक संविधान को मानने वालों की, दूसरी मनुस्मृति को थोपने वालों की। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे इस लड़ाई में संविधान के पक्ष में खड़े हों।

*संशोधनों की तुलना में भी भाजपा को घेरा*
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने संविधान में जो भी संशोधन किए, वे सामाजिक न्याय और उत्थान के लिए थे, जबकि भाजपा के संशोधन समाज को विभाजित करने वाले साबित हो रहे हैं।

*कांग्रेस का संघर्ष और बलिदान जारी रहेगा*
श्री दास ने कहा, “कांग्रेस हमेशा संघर्ष और बलिदान की राह पर चली है और आज भी संविधान व देश की रक्षा के लिए हम पीछे नहीं हटेंगे।” उन्होंने बापू और बाबा साहब के विचारों को ही देश को आगे ले जाने का मार्ग बताया।

*बैठक में मौजूद थे कई कांग्रेस नेता*
बैठक में जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, जिला सचिव मोहन सिंह हेम्ब्रम, युवा कांग्रेस जिला महासचिव पूर्ण चंद्र कायम, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, प्रखंड अध्यक्ष साकारी दोंगो, ओबीसी प्रखंड अध्यक्ष हरिचरण कुम्हार, सुभाष राम तुरी, जोसेफ केसरिया सहित कई नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Posts