Crime

हाईवा की चपेट में आने से टाटा स्टील कर्मचारी की दर्दनाक मौत, आक्रोशित भीड़ ने किया सड़क जाम

न्यूज़ लहर संवाददाता
ओड़िशा :बड़बिल शहर के सेरेंडा क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में टाटा स्टील के एक कर्मचारी की जान चली गई। हाईवा की चपेट में आने से कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
बड़बिल के कॉलेज के आगे सेरेंडा क्षेत्र में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में टाटा स्टील के एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज़ रफ्तार हाईवा (वाहन संख्या OD-14Z-1022) ने एक मोटरसाइकिल (नंबर OD-09C-7230) को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके तुरंत बाद अनियंत्रित हाईवा का पिछला चक्का युवक के सिर और हाथ पर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान टाटा स्टील के एक कर्मचारी के रूप में की गई है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया था।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवा के पहिए के नीचे फंसे शव को निकालने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।

स्थानीय नागरिकों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर गहरा आक्रोश जताया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण के उपाय सख्ती से लागू किए जाएं और भारी वाहनों के संचालन पर निगरानी बढ़ाई जाए।

फिलहाल पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया जारी है। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं नागरिकों में प्रशासनिक उदासीनता को लेकर गुस्सा भी देखा जा रहा है।

Related Posts