गुमला में एंगेजमेंट से लौट रहे 2 लोगों की मौत, ट्रक ने पिकअप वैन में मारी टक्कर*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:गुमला जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। एनएच-43 पर गुमला-रांची मुख्य मार्ग में हवाई अड्डा पतराटोली के पास रांची की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप वैन को सामने से टक्कर मार दी। इस टक्कर से पिकअप वैन पलट गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में गुमला सदर प्रखंड के झरगांव निवासी जगमोहन गोप और लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के अलवा डीह गांव के 53 वर्षीय लालवीर यादव शामिल हैं।
दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। पांच की हालत गंभीर है। घायलों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को रिम्स रांची रेफर कर दिया गया है। बाकी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि पिकअप वैन में सवार लोग एक एंगेजमेंट कार्यक्रम से लौट रहे थे।