शतरंज के सितारों ने बिखेरा अपना जलवा: उमेश साव बने चैंपियन, 110 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा* *चाईबासा में संपन्न हुई 14वीं पदमा बाई रूंगटा मेमोरियल जिला शतरंज प्रतियोगिता, SP आशुतोष शेखर हुए सम्मिलित*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: पश्चिमी सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में तथा एसआर रूंगटा ग्रुप के सौजन्य से आयोजित 14वीं पदमा बाई रूंगटा मेमोरियल जिला शतरंज प्रतियोगिता का आज भव्य समापन हुआ। यह प्रतियोगिता जिले में शतरंज को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध हुई, जिसमें इस वर्ष रिकॉर्ड 110 खिलाड़ियों ने भाग लेकर उत्साह और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में संघ के संरक्षक नितिन प्रकाश और डॉ. विजय मुंदड़ा मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत संघ के अध्यक्ष मुकुंद रूंगटा द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई।
मुख्य अतिथि श्री शेखर ने अपने संबोधन में कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि शतरंज जैसे बौद्धिक खेल में जिले के खिलाड़ी रुचि ले रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में जिले के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे। उन्होंने जिले में सभी खेलों की गतिविधियों को बच्चों के भविष्य के लिए एक मजबूत प्लेटफॉर्म बताया।
विशिष्ट अतिथि नितिन प्रकाश ने कहा कि शतरंज न केवल एक खेल है, बल्कि यह मानसिक विकास का आधार भी है। भारत के लिए गर्व की बात है कि यह खेल यहीं से उत्पन्न हुआ और आज भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसमें अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है।
डॉ. विजय मुंदड़ा ने बताया कि सीताराम रूंगटा रिक्रिएशन हॉल में आयोजित हो रहे नियमित साप्ताहिक प्रशिक्षण के माध्यम से भविष्य में ऐसे खिलाड़ी उभरेंगे जो ग्रैंड मास्टर नॉर्म तक पहुँच सकते हैं।
मंच का संचालन संघ के महासचिव बसंत खंडेलवाल ने किया। उन्होंने बताया कि कुछ वर्षों पहले तक प्रतिभागियों की संख्या सीमित थी, पर आज हर प्रतियोगिता में 100 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं और भविष्य में यह संख्या और बढ़ेगी।
प्रतियोगिता के विजेता इस प्रकार रहे:
आठ राउंड के उपरांत, 57 वर्षीय उमेश साव ने 7 अंकों के साथ प्रतियोगिता का प्रथम स्थान प्राप्त किया।
उन्हीं के बराबर अंक लेकर कमल किशोर देवनाथ द्वितीय स्थान पर रहे।
मनीष शर्मा 6.5 अंकों के साथ तृतीय तथा राजेश कुमार 6 अंकों के साथ चतुर्थ स्थान पर रहे।
ये चारों खिलाड़ी आगामी सीनियर राज्य शतरंज प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इसके अलावा अन्य शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी:
6 अंक : शत्रुघ्न सिंह, नरेंद्र नाथ पांडे, तनिश कुमार, कुश मुंदड़ा, आदित्य शाह, ललित किशोर बांद्रा (छठे से दसवें स्थान तक)।
अंडर 7 (बालक) : ऋत्विक कुमार शाह (प्रथम), आशुतोष महतो (द्वितीय)
अंडर 7 (बालिका) : हीतिका कुजूर (प्रथम)
अंडर 9 (बालक) : जी. आरव (प्रथम), वेद आहूजा (द्वितीय)
अंडर 9 (बालिका) : मायरा शाह (प्रथम), अड्रिजा दे (द्वितीय)
अंडर 11 (बालक) : अंकुर राठौर (प्रथम), ऋषभ कुमार सिंह (द्वितीय)
अंडर 11 (बालिका) : अदिति (प्रथम), आदृती डे (द्वितीय)
अंडर 13 (बालक) : आदित्य वर्धन शर्मा (प्रथम), एकांश शाह (द्वितीय)
अंडर 13 (बालिका) : समृद्धि प्रिया (प्रथम), पेरिस मुंडा (द्वितीय)
अंडर 15 (बालिका) : कनिष्क मुखी (प्रथम), सौम्य प्रभा सोय (द्वितीय)
अंडर 15 (बालक) : राजमोहन अभीके (प्रथम), अन्वेष महंत (द्वितीय)
इस अवसर पर जयदेव चंद्र त्रिपाठी, बलराम सुल्तानिया, सोहन लाल मुंदड़ा, अर्पित खिरवाल, पुरुषोत्तम सराफ, हर्ष शर्मा, सुशील चौमाल, जुएल गगराई, निर्मल चंद्र त्रिपाठी, अनंत लाल विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इस प्रतियोगिता ने न केवल जिले के शतरंज प्रेमियों को एक मंच प्रदान किया, बल्कि भविष्य के संभावित चैंपियनों को भी दिशा दी। जिला शतरंज संघ का यह आयोजन एक सफल एवं प्रेरणादायक अध्याय बनकर उभरा।