पृथ्वी दिवस पर डीएलएसए चाईबासा ने किया पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम और पौधारोपण*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:चाईबासा में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), चाईबासा द्वारा सीएमओ प्लस टू जिला स्कूल में पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना और धरती को सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की प्रेरणा देना था।
यह कार्यक्रम झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष डीएलएसए, मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
डीएलएसए के सचिव रवि चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पृथ्वी की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “पृथ्वी मानव जीवन का मूल आधार है, और इसकी रक्षा करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। हमें न केवल पौधारोपण करना चाहिए, बल्कि उनके संरक्षण और जल स्रोतों को बचाने के लिए जल संचयन जैसे उपाय भी अपनाने चाहिए।”
कार्यक्रम में डीएलएसए सदस्य विकास दोदराजका ने 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस मनाने की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वर्तमान समय में इसकी आवश्यकता को विस्तार से बताया। पीएलवी रेणु देवी ने विधिक सेवा प्राधिकरण की संरचना और कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में सामूहिक रूप से पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर छात्रों को बताया गया कि पौधे और पृथ्वी के बीच गहरा और जीवनदायिनी संबंध है, जिसे हमें समझना और निभाना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रश्मि आलडा, पीएलवी संजय निषाद, सूरज ठाकुर, रविकांत ठाकुर, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
पौधारोपण के माध्यम से सभी ने पृथ्वी को बचाने का संकल्प लिया।