Regional

पश्चिम सिंहभूम में ‘संविधान बचाओ अभियान’ को गाँव-गाँव तक पहुँचाने की रणनीति तय: कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक में निर्णय

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:पश्चिम सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी पश्चिम सिंहभूम की कार्यकारिणी बैठक बुधवार को चाईबासा स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने की।

बैठक की शुरुआत जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना के साथ की गई। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम के महानायक बाबू वीर कुंवर सिंह को उनके विजयोत्सव के अवसर पर नमन किया गया।

कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने अहमदाबाद में संपन्न एआईसीसी की बैठक में पारित ऐतिहासिक प्रस्ताव का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने प्रस्तुत किया था, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके तहत ‘संविधान बचाओ अभियान’ और ‘संविधान बचाओ रैली’ के माध्यम से आम जनता को संवैधानिक मूल्यों की रक्षा हेतु जागरूक किया जाएगा।

डॉ. बलमुचू ने कहा, “यह अभियान केंद्र सरकार और भाजपा द्वारा लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग, विशेष रूप से ईडी जैसी संस्थाओं के जरिए दमनकारी नीतियों के खिलाफ आवाज़ उठाने हेतु है। इसे पश्चिम सिंहभूम जिले के हर गाँव और शहर तक पहुँचाया जाएगा।”

बैठक में जगन्नाथपुर विधायक और सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने कहा कि “भाजपा द्वारा जनता के संवैधानिक अधिकारों पर किए जा रहे हमलों के खिलाफ इस अभियान को जनसहभागिता के साथ चलाना ज़रूरी है। जिले में पेसा कानून, ओबीसी आरक्षण, सरना धर्म कोड, लैंड बैंक, नगर निकायों में आरक्षण, तथा आउटसोर्सिंग के ज़रिए की जा रही नियुक्तियों जैसे मुद्दों पर कांग्रेस जनता को जागरूक करेगी।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार से मिलकर इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे और केंद्र सरकार द्वारा संघीय ढांचे पर किए जा रहे हमलों के खिलाफ जोरदार रैली निकाली जाएगी।

बैठक का संचालन कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन जिला महासचिव नूतन बिरुवा ने दिया।

बैठक को जिन अन्य नेताओं ने संबोधित किया उनमें महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नितिमा बारी, प्रखण्ड पर्यवेक्षक मायाधर बेहरा, कैरा बिरुवा, मसूम रजा, पूर्ण चंद्र कायम, रमेश सिंह, जाम्बी कुदादा, आबिद हुसैन, रविंद्र बिरुवा, मोहन सिंह हेम्ब्रम, यशवीर बिरुवा, विजय सिंह सामड, दिकु सावैयां, सुखलाल हेम्ब्रम, राहुल पुरती, सोनाराम कोड़ाह, जय प्रकाश लागुरी, ललित दोराईबुरु, सुरेश चंद्र सावैयां, जदोराय मुंडरी, सकारी दोंगो, आतिश गागराई, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, रमेश ठाकुर, मंडल अध्यक्ष सोमा पुरती, सिंगराय गोप सहित अनेक नेता शामिल थे।

बैठक में पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष अम्बर रायचौधरी, महासचिव अविनाश कोड़ाह, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष तौहीद आलम, पूर्व कोषाध्यक्ष राधा मोहन बनर्जी, शिक्षा विभाग चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान, कामगार अध्यक्ष हसलुद्दीन खान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल लाल दास, वरिष्ठ नेता राम सिंह सावैयां, अशोक सुंडी, राखी सालुजा, रेंगो पुरती, महेश साहू, शरण मंडल, राकेश सिंह, अजय होनहागा, प्रेम सिंह अंगरिया, भोलेनाथ बोदरा, छोटेलाल महतो, सिकंदर गागराई, अशोक मुंडरी, शाहरुख अली, मोरन सिंह कोड़ाह, गोरा सिंह पुरती, हरिचरण कुम्हार, प्रफुल दास, जितेन कुमार, अनीश पुरती, सुशील दास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कुल मिलाकर, बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ मैदान में उतरेगी।

Related Posts