Crime

संविधान बचाओ नहीं, सत्ता बचाओ अभियान चला रही है कांग्रेस” – भाजपा उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई का प्रहार*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: कांग्रेस पार्टी द्वारा चाईबासा में आयोजित कार्यकारिणी बैठक और उसके नेताओं द्वारा दिए गए बयानों पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने कांग्रेस के “संविधान बचाओ अभियान” को एक राजनीतिक ढकोसला करार देते हुए कहा कि यह अभियान न संविधान की रक्षा के लिए है और न ही लोकतंत्र के लिए, बल्कि यह कांग्रेस पार्टी की डूबती राजनीतिक नैया को बचाने का एक बौखलाहट भरा प्रयास है।

श्री गागराई ने कांग्रेस पार्टी के इतिहास को याद दिलाते हुए कहा कि “जिस पार्टी ने देश पर आपातकाल थोपकर लोकतंत्र का गला घोंटा था, जिसने संवैधानिक संस्थाओं का वर्षों तक दुरुपयोग किया, वह आज लोकतंत्र की बात कर रही है — यह जनता को भ्रमित करने की साजिश है।”

उन्होंने कांग्रेस नेता डॉ० प्रदीप कुमार बलमुचू द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और अन्य जांच एजेंसियों के दुरुपयोग की बात को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि “ये एजेंसियाँ कानून के तहत काम कर रही हैं और भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई कर रही हैं। भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए जांच को ‘लोकतंत्र पर हमला’ कहना कांग्रेस की पुरानी आदत है।”

*स्थानीय मुद्दों पर कांग्रेस की चुप्पी पर उठाए सवाल*

कांग्रेस विधायक सोनाराम सिंकु द्वारा उठाए गए स्थानीय मुद्दों पर भी भाजपा नेता ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “सरणा धर्म कोड, ओबीसी आरक्षण, लैंड बैंक और पेसा कानून पर कांग्रेस की भूमिका सवालों के घेरे में रही है। कांग्रेस झारखंड में छह वर्षों से सत्ता में भागीदार रही है, लेकिन इन मुद्दों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। केंद्र सरकार ने पेसा कानून पारित किया, लेकिन राज्य सरकार उसे लागू करने में आनाकानी कर रही है। यह जनता से धोखा है।”

भाजपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी ने इन सभी मुद्दों को गंभीरता से लिया है और केंद्र व राज्य दोनों स्तरों पर संवैधानिक ढांचे को मजबूत करने का कार्य किया है।

*”जनता का भरोसा केवल मोदी पर”*

भाजपा ने अंत में स्पष्ट किया कि कांग्रेस चाहे जितने भी अभियान चला ले, जनता का भरोसा अब केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी नीतियों पर है। श्री गागराई ने कहा, “संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का काम भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है, जो ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।”

भाजपा ने कांग्रेस के ‘संविधान बचाओ’ अभियान को पूरी तरह से अस्वीकार करते हुए कहा कि यह केवल भ्रम फैलाने और राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश है, जिसे जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

Related Posts