Regional

शंकोसाई में इंटक वेल निर्माण कार्य छह महीने से ठप, कोपर डैम टूटने से जलजमाव का खतरा, विकास सिंह ने दी चेतावनी

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्रांगण में बन रहे नए एमजीएम अस्पताल भवन में सुचारू जलापूर्ति के लिए मानगो शंकोसाई के श्यामनगर स्थित स्वर्णरेखा नदी के तराई क्षेत्र में इंटक वेल का निर्माण कार्य किया जा रहा है। सरकार ने योजना बनाई थी कि श्यामनगर से संकोसाई रोड नंबर एक होते हुए डिमना मुख्य सड़क के माध्यम से पानी अस्पताल प्रांगण तक पहुँचाया जाएगा।

छह माह पूर्व संवेदक द्वारा इस निर्माण कार्य की शुरुआत की गई थी। नदी के जलस्तर बढ़ने पर पानी के प्रवेश को रोकने के लिए बनाए गए कोपर डैम की मिट्टी को पूरी तरह काट दिया गया था।

उस समय स्थानीय लोगों ने विरोध किया था और चेताया था कि यदि डैम की मिट्टी काट दी गई तो पूरा शंकोसाई जलमग्न हो सकता है। तब मौके पर मौजूद संवेदक और कार्यपालक पदाधिकारी ने भरोसा दिलाया था कि एक महीने के भीतर इंटक वेल का निर्माण कार्य पूरा कर कोपर डैम को फिर से मिट्टी भरकर मजबूत कर दिया जाएगा।

संवेदक ने यह भी कहा था कि एमजीएम अस्पताल में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए यह कार्य जरूरी है। लेकिन हकीकत यह है कि पिछले छह महीने से न तो निर्माण कार्य शुरू हुआ है और न ही कोई कर्मचारी या अधिकारी मौके पर पहुँचा है। कटे हुए कोपर डैम के कारण अब संकोसाई, विशेषकर रामनगर, श्यामनगर, संजीवनी पथ और रामकृष्ण पथ के निवासियों को भारी खतरे का सामना करना पड़ रहा है।

मानसून के आगमन से पहले लोग डरे हुए हैं कि नदी का जलस्तर बढ़ने पर पूरा इलाका डूब सकता है और गरीब-मजदूरों का आशियाना उजड़ जाएगा।

स्थानीय निवासियों ने इस समस्या की जानकारी पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को दी। सूचना मिलते ही विकास सिंह मौके पर पहुँचे और स्थानीय लोगों से मिलकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। विकास सिंह ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल युद्धस्तर पर कार्य आरंभ कर मानसून से पूर्व निर्माण कार्य पूरा करने की माँग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र काम शुरू नहीं हुआ तो संवेदक और कार्यपालक पदाधिकारी के खिलाफ स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। साथ ही पूरे शंकोसाई के लोगों के साथ उपायुक्त कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन भी किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य रूप से विकास सिंह, राजेश साहू, दुर्गा दत्ता, विकास गुप्ता, संजीत प्रजापति, बंटी प्रसाद, विनय घोष, शिवजी यादव, सोनू प्रधान, मंगल रजक, भीम सरदार, सुरेश घोष, ललिता देवी, पुष्पा देवी, राजमणि देवी, सुमित्रा देवी, सीता देवी, लीलावती देवी, उर्मिला देवी, सविता देवी, तारकेश्वरी देवी, लखेश्वरी देवी, प्यारी देवी, संदीप शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Related Posts