सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत, गोलमुरी के सतीश कुमार सिंह थे मृतक
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड।सरायकेला थाना क्षेत्र के साहेबगंज स्थित वृद्धाश्रम के पास शनिवार रात हुए सड़क हादसे में घायल हुए बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान जमशेदपुर के गोलमुरी निवासी सतीश कुमार सिंह के रूप में हुई है।
जिले के सरायकेला थाना अंतर्गत साहेबगंज स्थित वृद्धाश्रम के समीप शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में घायल हुए व्यक्ति की मौत मंगलवार सुबह टीएमएच में इलाज के दौरान हो गई। मृतक की पहचान गोलमुरी के कैलाश नगर निवासी 50 वर्षीय सतीश कुमार सिंह के रूप में हुई है। वे फ्लेयर पेन्स इंडिया लिमिटेड में सेल्स रिप्रेजेंटेटिव के पद पर कार्यरत थे।
मिली जानकारी के अनुसार, सतीश कुमार सिंह किसी कार्य से अपनी बाइक (संख्या JH05AU 0605) से सरायकेला गए हुए थे। देर रात लगभग 11:30 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, उसी दौरान वृद्धाश्रम के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक (संख्या JH02AW 4306) से उनकी बाइक जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि सतीश के पहने हुए हेलमेट के परखच्चे उड़ गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद उन्हें गंभीर अवस्था में इलाज के लिए टीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। इस हादसे से परिवार में शोक की लहर है।